पंचकूला में श्रद्धालुओं का ट्रक पलटा:हादसे में 9 सेवादार हुए घायल, पंजाब से माता शारदा देवी मंदिर में भंडारा लगाने आए

हरियाणा के पंचकूला में पंजाब से आए श्रद्धालुओं का ट्रक पलट गया। जिसमें भंडारे लगाने आए 9 सेवादार घायल हो गए। हालांकि सभी को हल्की चोटें आई हैं। ट्रक में श्रद्धालुओं के अलावा भंडारे का सामान भरा हुआ था। जो ट्रक पलटने के बाद खाली किया गया। पंचकूला के रायपुररानी-मोरनी रोड पर स्थित छोटा त्रिलोकपुर स्थित माता शारदा देवी मंदिर में सेवा करने आ रहे सेवादारों से भरा एक ट्रक भूड़ गांव के पास कट पर शाम साढ़े 5 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और आगे जाकर एक पेड़ से टकराकर रुक गया। हादसे में ज्योति, जशदीप, गुरदेव, जसबीर कौर, लखविंद्र, इकबाल, बबल कौर, रजनी और सोहन लाल सहित 9 लोग घायल हुए है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
पंजाब से आए थे श्रद्धालु पुलिस के अनुसार सभी सेवादार पंजाब के मानसा जिले के बलाडा क्षेत्र के रहने वाले थे और मंदिर में सेवा देने के लिए आ रहे थे। ट्रक में भंडारे का सामान भी भरा हुआ था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए। सुरक्षित निकाला सामान
प्रत्यक्षदर्शियों ने मानवता का परिचय देते हुए ट्रक में भरा भंडारे का सामान सुरक्षित निकालकर दूसरी गाड़ी में रखवाया, ताकि सेवा कार्य प्रभावित न हो। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। बचाव कार्य में आसपास के कई गांवों के लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *