हरियाणा में 2 बदमाशों का एनकाउंटर, पैर में गोली लगी:जींद में व्यापारी के अपहरण की कोशिश की थी, ₹1 करोड़ फिरौती मांगने का प्लान था

हरियाणा के जींद में 2 बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया गया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। बदमाश ने पहले पुलिस टीम पर फायर किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। वहीं, दूसरा बदमाश भागते हुए गिर गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ये वही बदमाश हैं, जिन्होंने 17 मार्च को जुलाना के व्यापारी सुशील तायल का फिरौती के लिए अपहरण करने का प्रयास किया था। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायर किए थे। इस वारदात का मास्टरमाइंड फौजी था। जींद के एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक मनीष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर मौजूद हैं। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। जानिए क्या है पूरा मामला… ₹1 करोड़ की फिरौती लेने का था प्लान एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि 17 मार्च की सुबह जुलाना की पुरानी अनाज मंडी के पास व्यापारी सुशील तायल सैर पर निकले थे। तभी कार सवार तीन बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश की। व्यापारी के शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे डरकर बदमाश भाग निकले। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर यह पता लगाएगी कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था या इन्होंने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *