हरियाणा के गुरुग्राम एक बार सोसाइटी में लिफ्ट गिरने हादसा हो गया। इस बार घटना सेक्टर 70A स्थित पारस एरेन सोसायटी की है, जहां लिफ्ट अचानक फ्री फॉल हो गई। इसमें पूजा करने आए एक पुजारी फंस गए। अनियंत्रित लिफ्ट ऊपरी मंजिल से तेजी से नीचे गिरी और अंदर लगे सभी शीशे टूटकर लिफ्ट में मौजूद पुजारी पर गिर पड़े। इससे उनके सिर और शरीर पर चोट आईं। हादसे के बाद अफरा तफरी मच गई। हालांकि, हाईटेक होने से लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचकर खुल गई। इसके बाद लोगों ने घायल पुजारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सोसायटी के लोगों ने आरोप लगाया कि लिफ्ट फ्री फॉल की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां ऐसी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां जानिए लिफ्ट में कैसे हुआ हादसा…. विपुल स्क्वायर मॉल में हो चुका हादसा, फंस गऐ थे 7 लड़के-लड़कियां गुरुग्राम में लिफ्ट में हुई यह घटना पहली नहीं है। इससे पहले विपुल स्क्वायर मॉल में लिफ्ट बंद होने की वजह से 7 लड़के और लड़कियां फंस गईं थीं। लिफ्ट के बाहर इंतजार कर रहे बच्चों के पिता ने मॉल की सिक्योरिटी और लिफ्ट मैन को बुलाया था। कर्मचारियों ने लिफ्ट को खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुली। आखिर में परेशान होकर व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले लिफ्टमैन ने मास्टर चाबी से लिफ्ट खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। व्यक्ति का आरोप है कि 15 मिनट तक बच्चे अंदर ही फंसे रहे। व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर वीडियो के साथ इसकी शिकायत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गुरुग्राम DC से की थी। मार्बल मार्केट में लिफ्ट में गर्दन फंसने से हो गई थी युवक की मौत करीब सात माह पहले गुरुग्राम के सेक्टर 34 मार्बल मार्केट में शॉप नंबर 1 में कार्यरत राजेश सिंह की मार्बल ढोने के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई थी। राजेश मूल रूप से राजस्थान के चुरु का रहने वाला था। इस घटना की सूचना शॉप मालिक ने तुरंत सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया था। ——————— ये खबर भी पढ़ें… गुरुग्राम के होटल में लिफ्ट गिरने से 5 घायल:बेसमेंट तक जा गिरी, 4 दिन बाद FIR, मैनेजर का दावा- ज्यादा लोग घुस गए थे गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक होटल में लिफ्ट गिरने का मामला सामने आया है। हादसे में एक महिला और उसके पति समेत पांच लोग घायल हो गए। उन्हें पारस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। चार दिन बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पूरी खबर पढ़ें)