फरीदाबाद में मंगलवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ऑटो चालक ने कथित रूप से घरेलू झगड़ों से परेशान होकर अपने ही ऑटो में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। यह घटना हार्डवेयर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बड़े नाले के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार, अमर नाम का एक व्यक्ति प्याली की ओर से अपना ऑटो लेकर हार्डवेयर की तरफ जा रहा था। उसने रास्ते में एक किनारे ऑटो को खड़ा किया और उसमें आग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत वहां पहुंचे और उससे इस हरकत का कारण पूछा। उसने बताया कि वह अपने घर में चल रहे झगड़ों से काफी परेशान है, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर अपने ही ऑटो में आग लगा दी। नाम बताया ‘अमन’, फिर मौके से फरार स्थानीय लोगों के अनुसार, जब उससे उसका नाम पूछा गया तो उसने अपना नाम अमन बताया। इसके बाद वह बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए वहां से निकल गया और पास से गुजर रहे एक अन्य ऑटो में बैठकर चुपचाप चला गया। चश्मदीदों ने दी पुलिस को सूचना घटना के चश्मदीद स्थानीय निवासी सुनील ने बताया कि जैसे ही ऑटो में आग लगनी शुरू हुई, उन्होंने तुरंत गोल चक्कर पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम एक गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस कर रही है जांच मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल आशीष ने बताया कि जब वे पहुंचे तो ऑटो पूरी तरह आग की चपेट में था और आसपास लोग सीएनजी होने के कारण दूरी बनाकर खड़े थे। स्थानीय पुलिस को सूचना दी जा चुकी है। फिलहाल पुलिस ऑटो नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।