हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में बुधवार को 12वीं कक्षा की परीक्षा ली जाएगी। 25 मार्च को संचालित होने वाली सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की ललित कला विषय की परीक्षा में 26125 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इससे पहले मंगलवार को 12वीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा हुई। जिसमें अनुचित साधन के 35 मामले दर्ज हुए तथा 1 केंद्र अधीक्षक को ड्यूटी में कोताही बरतने पर रिलीव किया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन शर्मा ने बताया था कि उन्होंने मंगलवार को स्वयं रोहतक के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्कता के चलते अनुचित साधन का कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ और परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही थी। उनके उड़नदस्ते द्वारा जिला भिवानी एवं बोर्ड उपाध्यक्ष के उड़नदस्ते द्वारा जिला जींद तथा बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते द्वारा जिला फतेहाबाद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। रद्द परीक्षाएं होंगी
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला-02(चरखी-दादरी) की गणित विषय की 26 फरवरी की रद्द हुई परीक्षा अब राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नजदीक काठ मंडी, चरखी-दादरी-02 (बी-1) परीक्षा केंद्र पर होगी। वहीं परीक्षा केंद्र पीएसपीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झमोला (जींद) के परीक्षा केंद्र की हिन्दी विषय की 28 फरवरी की रद्द हुई परीक्षा अब राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना-01 (बी-1) परीक्षा केंद्र पर 25 मार्च को दोपहर सोढ़े 12 से सायं साढ़े 3 बजे तक होगी।