पशुधन उत्पादों के लिए 60 लाख की ग्रांट मिली

लुधियाना| डॉ. राजेश वीवाघ पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग, गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी को उनके स्मार्ट-बायो-पैक फॉर लाइवस्टॉक प्रोडक्ट्स विषय प्रोजेक्ट के लिए एक प्रतिष्ठित शोध अनुदान प्राप्त हुआ है। इस प्रोजेक्ट को भारत सरकार के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा इन्क्लूसिविटी रिसर्च ग्रांट स्कीम के तहत वित्तपोषित किया गया है, जिसकी कुल राशि 60 लाख रुपए है। विभागाध्यक्ष डॉ. नितिन मेहता ने बताया कि इस शोध पहल का उद्देश्य टिकाऊ और उपयुक्त पैकेजिंग समाधान का डिजाइन और विकास करना है, जो पशुधन उत्पादों, विशेषकर मांस और दूध की सुरक्षा, गुणवत्ता और शेल्फ लाइफ को बढ़ा सके। वैज्ञानिक नवाचार को पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से जोड़ते हुए यह प्रोजेक्ट खाद्य संरक्षण, नुकसान में कमी और पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग प्रथाओं को बढ़ावा देने के साथ महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करने का सार्थक प्रयास करेगा। डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा, डीन, वेटरनरी साइंस कॉलेज, लुधियाना ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की सराहना करते हुए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *