अबोहर में 2 रेल ओवरब्रिज को मंजूरी:162 करोड़ रुपए की लागत से होगा निर्माण, ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

अबोहर में दो रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इन पुलों पर कुल 162 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यह निर्णय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और भाजपा के प्रांतीय प्रधान सुनील जाखड़ के विशेष प्रयासों के बाद लिया गया है। ये ओवरब्रिज अबोहर के श्रीगंगानगर रोड और सीतो रोड पर बनेंगे। इन मार्गों पर दशकों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान होगा, जिससे शहर वासियों को बड़ी राहत मिलेगी। ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति विधायक संदीप जाखड़ ने इस मंजूरी को अबोहर के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन पुलों के बनने से न केवल घंटों लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। यह परियोजना शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी बिना रुकावट रास्ता मिल सकेगा। श्रीगंगानगर और सीतो रोड पर रेलवे फाटकों के कारण रोजाना हजारों राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। रेलवे मंत्री का जताया आभार अबोहर की जनता ने इस परियोजना के लिए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, रवनीत सिंह बिट्टू और सुनील जाखड़ का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर मेयर विमल ठठई सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *