गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। लोकरा-खोड़ रोड पर गांव खोड़ के पास तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पैदल चल रहे एक बुजुर्ग और दो मासूम बच्चों को कुचल दिया। इस घटना में तीनों की मौके पर ही जान चली गई। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान खोड़ निवासी सुभाष (60), और उनके दो नवासों ईशांत (10) और जैद खान (8) के रूप में हुई है। बता दे कि यह हादसा 27 मार्च की रात को हुआ था, जिसकी सूचना थाना पटौदी को मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गांव खोड़ के पास एक क्षतिग्रस्त थार गाड़ी मिली। थार की टक्कर से तीन लोगों की मौत अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतक सुभाष के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुभाष अपने नवासों ईशांत और जैद को लेकर एक प्लॉट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज गति की थार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरुग्राम के गांव गोरियावास निवासी दीपांशु (25) के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल थार गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। लोगों ने की प्रशासन से मांग इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर गति नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।