सीवान में रामनवमी मेले के दौरान 5वीं कक्षा की 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ रेप की गई। आरोपी पीड़िता के ही निजी स्कूल का चालक बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव की है। परिजन के अनुसार पीड़िता अपने परिवार के साथ रामनवमी का मेला देखने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे झांसे में लेने के लिए चालाकी से बात की और कहा कि उसके जीजा मेले में दुकान लगाए हुए हैं और उसे बुला रहे हैं। मासूम बच्ची आरोपी की बातों में आ गई और उसके साथ चली गई। लेकिन आरोपी उसे बताए गए स्थान पर न ले जाकर पास के एक सुनसान स्कूल में ले गया, जहां उसने इस अपराध को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। सुनसान जगह के पास रोते हुए मिली बच्ची उधर, जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बच्ची वापस नहीं लौटी तो परिजन को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। बच्ची के जीजा ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की और अंततः एक सुनसान जगह के पास उसे रोते हुए पाया। घर लाने के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद तुरंत उसे स्थानीय थाना ले जाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की गई और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी जिले के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई थी। उन्होंने कहा कि पहले पीड़िता को अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता थी, इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।