पंजाब के लोगों के लिए गर्व का पल है। लंबे इंतजार के बाद अब हलवारा एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। फेसबुक पर केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह घोषणा की है।
बिट्टू के मुताबिक एयरपोर्ट से उड़ानों की बुकिंग अप्रैल महीने में शुरू होगी, जबकि पहली फ्लाइट 10 से 15 मई के बीच उड़ान भर सकती है। दिल्ली-हलवारा के बीच रोजाना 2 फ्लाइट्स
शुरुआत में दिल्ली और हलवारा के बीच रोजाना दो उड़ानें संचालित की जाएंगी-एक सुबह और एक दोपहर में। इन फ्लाइट्स का संचालन 160 सीटों वाले एयरबस A320 इकोनॉमी विमान से किया जाएगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। व्यापार और यात्रा को मिलेगा बड़ा बूस्ट
बिट्टू ने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पंजाब में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। इसे राज्य के विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। पीएम मोदी का जताया आभार
बिट्टू ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। बिट्टू ने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता से ही ऐसे प्रोजेक्ट संभव हो पा रहे हैं।
इस नई शुरुआत के साथ पंजाब अब देश-विदेश से बेहतर कनेक्टिविटी की ओर बढ़ रहा है और विकास की नई उड़ान भरने को तैयार है। ग्लाडा और AAI का ज्वाइंट वैंचर है एयरपोर्ट इसमें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की 51 फीसदी हिस्सेदारी है और पंजाब सरकार की 49 फीसदी है। पंजाब सरकार की तरफ से यह काम ग्लाडा ने करवाया है। इस तरह एयरपोर्ट ग्लाडा और एएआई का ज्वाइंट वेंचर है। एयरपोर्ट निर्माण पर खर्च की गई कुल राशि टर्मिनल बिल्डिंग आदि के निर्माण पर लगभग ₹70 करोड़ के करीब खर्च हुए। इसमें से ₹27 करोड़ मुख्य टर्मिनल बिल्डिंग के लिए और ₹27 करोड़ विमानों के खड़े होने और टैक्सी-वे (Tarmac) के लिए खर्च किए गए हैं। इसके अलावा एप्रोच रोड के निर्माण पर भी 10 करोड़ के करीब खर्च किए गए। वहीं 161.27 एकड़ जमीन के बदले किसानों को लगभग ₹39.40 करोड़ का मुआवजा वितरित किया गया। किसानों को प्रति एकड़ मुआवजा लगभग ₹20.61 लाख (पुनर्वास भत्ते सहित) तय किया गया था।