ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:फरीदाबाद में मृतक की नहीं हो सकी पहचान, नाला रेलवे जंक्शन के पास घटना

फरीदाबाद जिले में बुढ़िया नाला रेलवे जंक्शन केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। जहां 28 मार्च की रात करीब 9 बजे रेलवे जंक्शन केबिन फरीदाबाद से लगभग 200 मीटर आगे रेलवे किलोमीटर 1514/30-32 के बीच चौथी लाइन पर एक युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक को गंभीर चोटें लगीं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में कार्रवाई उपनिरीक्षक संजय कुमार द्वारा धारा 194 बीएनएसएस के तहत अमल में लाई गई है।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत मौके की स्थिति और गवाहों के बयानों के आधार पर प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक की मौत रेलगाड़ी की चपेट में आने से लगी चोटों के कारण हुई है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की नहीं हो सकी पहचान मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गेहुंआ और शरीर हृष्ट-पुष्ट है। युवक का कद करीब 5 फुट 5 इंच के आसपास बताया गया है। मृतक के पहनावे की बात करें तो उसने काले-सफेद बड़े चैकदार फुल बाजू की कमीज पहनी हुई थी। नीचे भूरे रंग का लोअर पहना हुआ था, जो कमर पर फीते से बंधा हुआ था। अंग्रेजी में S.K लिखा हुआ गुदा मिला मृतक के दाहिने हाथ पर सुरमा से अंग्रेजी में S.K लिखा हुआ गुदा हुआ पाया गया है, जो उसकी पहचान का एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है। जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने की लोगों से अपील साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सके तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *