कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के तातियागंज में रविवार रात एक अगरबत्ती कारखाने में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। यह कारखाना बारादेवी निवासी आदर्श दीक्षित का बताया जा रहा है। आग रात करीब 8:30 बजे लगी, जिसके बाद आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे तुरंत बाहर निकल आए। यह 2 तस्वीर देखिए… घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन आग लगने के लगभग एक घंटे बाद तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण और कर्मचारियों ने आसपास लगे समरसेबल के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक कारखाना लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खबर अपडेट की जा रही है…