BA की स्टूडेंट ने प्रेमी के लिए 2 हत्याएं कीं:मर्डर के बाद पूजा करती; सामूहिक हत्या के बाद महायज्ञ कराती; कबूलनामा सुन पुलिस भी दंग

मोतिहारी में एक लड़की ने प्रेमी के लिए पहले उसके दादा फिर एक मासूम बच्ची की हत्या को अंजाम दिया। पहली हत्या मई 2025 में हुई, लेकिन पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाई। प्यार में जो भी बाधा बन रहा था, उसे वो मौत के घाट उतार देती थी। हत्या को हादसा बनाकर लगातार वो पुलिस के साथ लोगों को गुमराह करती रही। राज तब खुला जब 22 मार्च 2026 को पांच साल की अंशिका की हत्या हुई। पुलिस इन्वेस्टिगेश में एक शिल्पी नाम की लड़की पर शक हुआ। जांच का दायरा बढ़ा तो पुलिस को उसके खिलाफ कई सबूत मिले। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वो लगभग 18 आपराधिक वारदात में शामिल है। शिल्पी BA सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। अंशिका की हत्या के पीछे की वजह गिरफ्तार युवती शिल्पी का प्रेम प्रसंग है। शिल्पी का उसके गांव के ही नीतीश कुमार नाम के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जो शिल्पी और नीतीश के घर वाले को पसंद नहीं था। घर वालों के विरोध से दोनों का प्यार टूट गया। जिसके बाद वो घर वालों से ही बदला लेने लगी। हत्या के लिए उसने ऐसी प्लानिंग की जिसे जान कर पुलिस भी दंग है।
सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए प्यार में छात्रा से कातिल बनने की पूरी कहानी शिल्पी अपने ही गांव के एक लड़के नीतीश से प्यार करती थी। लेकिन उसके घर वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। घर वालों के विरोध से दोनों का प्यार टूट गया। जिसके कारण शिल्पी अपने ही घर वालों से बदला लेने का प्लान बनाने लगी। एक साल पहले नीतीश के दादा को जिंदा जलाया शिल्पी के प्रेमी नीतीश के दादा राम अयोध्या ने एक बार शिल्पी को लेकर आपत्ति जताई थी। दादा ने शिल्पी के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में शिल्पी ने पहले भी एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि उसने राम अयोध्या को उस समय जिंदा जला दिया था, जब वे घर के बरामदे में सो रहे थे। इलाज के दौरान नीतीश के दादा की मौत हो गई थी। उसने इतने शातिराना अंदाज से घटना को अंजाम दी थी कि घर वाले को शक नहीं हुआ और दुर्घटना बता सिर्फ सनहा दर्ज कराया गया। बच्ची की हत्या के बाद यज्ञ में हुई शामिल पुलिस के मुताबिक घटना 20 मार्च की शाम की है। उस दिन इलाके में तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो रही थी। इसी दौरान अंशिका अपने घर के सामने मौजूद कुएं के पास खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाली शिल्पी कुमारी ने उसे अपने पास बुलाया। पड़ोसी होने के कारण बच्ची उसे अच्छी तरह जानती थी। शिल्पी उसे खेत की तरफ ले गई, वहां उसकी चाकू गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में ही छोड़ शिल्पी गांव में हो रहे यज्ञ में शामिल होने चली गई। वहां उसने होम भी किया। 22 मार्च को अंशिका का शव खेत में मिला सिकरहना एसडीपीओ उदय शंकर ने बताया कि चिरैया थाना क्षेत्र के हीरापट्टी गांव के रागनी देवी ने 20 मार्च को घर से अपनी पांच वर्षीया बेटी अंशिका के गायब होने की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस उसके खोजबीन में जुट गई थी। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान 22 मार्च को गांव के पास खेत से अंशिका का शव बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। वारदात के तह तक पहुंचने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई थी। जांच के दौरान मिले सूबतों के आधार पर गांव की ही बीए की छात्रा शिल्पी (22) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में शुरुआत में छात्रा पुलिस को गुमराह करती रही। लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया है। अंशिका की बड़ी मां को फंसाने के लिए ऑडियो रिकॉर्ड करवाया जांच में सामने आया कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के तहत की गई थी। शिल्पी पिछले दो महीनों से इस वारदात की तैयारी कर रही थी। जनवरी महीने में ही उसने अपने मोबाइल में अंशिका से एक वॉइस रिकॉर्डिंग करवाई थी, जो उसके पापा के नाम पर था। उस ऑडियो में बच्ची से बुलवाया गया था, ‘पापा, बड़ी मां मुझे पसंद नहीं करती है, वो मुझे बहुत मारती है। मेरी हत्या करने की बात कहती है।’ यही नहीं, 20 मार्च को हत्या से ठीक पहले भी उसने बच्ची से इसी तरह की बात दोबारा रिकॉर्ड करवाई थी। शिल्पी, इस बात को रिकॉर्ड करवाने के लिए बच्ची को चॉकलेट का लालच देती थी। चोरी की मोबाइल से ऑडियो वायरल करवाया शिल्पी ने पुलिस को बताया कि अंशिका की हत्या से पहले बड़ी मां के नाम से हत्या करने का कई ऑडियो रिकॉर्ड कराया और हत्या के बाद उसे वायरल कर दिया। जिस मोबाइल से ऑडियो वायरल हुआ। वह मोबाइल भी चोरी की थी। पड़ोस में आई एक संबंधी का मोबाइल चोरी हुआ था, जिसे शिल्पी ने अंशिका के सहयोग से चुराया था पुलिस और आम लोगों को मृतका की बड़ी मां पर शक हो, इसके लिए उसने ऑडियो वायरल किया था। लेकिन पुलिस अनुसंधान ने उसके पूरे मंसूबे पर पानी फेर दिया है। हत्या के लिए भाभी के मोबाइल से ऑनलाइन चाकू मंगवाया शिल्पी ने हत्या में इस्तेमाल करने के लिए ऑन लाइन साइट से चाकू मंगवाई। चाकू का ऑर्डर अपनी भाभी की बहन के फोन से किया। पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के पास उसने बिना खून लगा चाकू रख दिया था। जबकि हत्या जिस चाकू से की थी उसे अपने घर में छुपा कर रखा था। पुलिस ने वह चाकू बरामद कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, ऑडियो वायरल करने वाला मोबाइल, सिम सहित अन्य सामान को बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *