अमृतसर में डिलीवरी बॉय की हत्या:बेसमेंट में मिला शव, सिर और शरीर पर घाव मिले, 2 दिन से लापता था

अमृतसर के रणजीत एवेन्यू ए-ब्लॉक में एक युवक का शव बिल्डिंग के बेसमेंट से बरामद हुआ है। युवक की हत्या तेजधार हथियार से की गई थी, उसके सिर और शरीर पर कई गंभीर घाव मिले हैं। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अरविंदर सिंह उर्फ बबलू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। अरविंदर सिंह 27 मार्च की शाम 4 बजे फूड डिलीवरी के काम के लिए घर से निकला था। वह आमतौर पर रात 12 से 1 बजे तक काम करता था, लेकिन उस रात वह घर नहीं लौटा। परिवार ने उसे फोन किया और शहर में भी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने परिवार को अरविंदर का शव मिलने की सूचना दी। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पिता बोले-कोई सामान लूटा नहीं गया पुलिस ने मृतक के पिता बलविंदर सिंह, निवासी ग्रीन सिटी, के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बलविंदर सिंह ने बताया कि उनके बेटे के सिर और शरीर पर तेजधार हथियार के कई गंभीर घाव थे, जिससे उसकी हत्या की पुष्टि होती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह लूट का मामला नहीं लगता, क्योंकि अरविंदर से कोई सामान लूटा नहीं गया था। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना रणजीत एवेन्यू के एसएचओ इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *