सुपौल में सोमवार सुबह एक स्टूडेंट ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ भानु (20) के रूप में हुई है। घटना जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरियापट्टी पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 4 में सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई। मृतक प्रशांत कुमार BA पार्ट-वन का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में तेज-तर्रार और शांत स्वभाव का युवक था। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिससे वह चिंता में रहता था। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. अब जानें पूरी घटना…. 5 दिन पहले बड़े भाई का हुआ था एक्सीडेंट मुखिया राजेश कुमार ने बताया कि प्रशांत का बड़ा भाई पांच दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका इलाज पटना के PMCH में चल रहा है। भाई की हालत और घर की आर्थिक परेशानियों को लेकर प्रशांत काफी चिंतित रहने लगा था। उसकी मां कोई आमदनी नहीं करती है, जिससे परिवार पर अतिरिक्त दबाव था। घटना के दिन भी प्रशांत चिंतन की स्थिति में था। बताया जा रहा है कि सुबह उसने घर में ही मफलर के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में लगे थे। बाद में जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। प्रशांत का किसी से कोई विवाद नहीं था स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशांत का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही उसकी शादी हुई थी। हालांकि, कुछ लोगों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी चिंता का विषय बताया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।