नकली पिस्टल दिखा स्नैचिंग, चोरी करने वाले 13 आरोपी गिरफ्तार, 18 बाइकें मिलीं

ट्राईसिटी में सक्रिय चोरों और झपटमारों के खिलाफ खरड़ और बलौंगी पुलिस ने एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। 18 बाइक और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने अलग-अलग वारदातों में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये लंबे समय से मोहाली, खरड़ और चंडीगढ़ में वारदात को अंजाम दे रहे थे। बलौंगी पुलिस ने 27 मार्च को ग्रीन एन्क्लेव (सेक्टर-118) से चोरी हुई बुलेट बाइक के मामले में जांच शुरू की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक के बाद एक कई और चोरियां ट्रेस कीं। उधर, खरड़ सिटी पुलिस ने सैनी एन्क्लेव मार्केट और लेबर चौक के पास नाकेबंदी कर शातिर चोर अमरदीप को दबोचा। उसके पास से 4 चोरी की बाइक बरामद हुईं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए कई आरोपी नशे के आदी हैं। खानपुर और देसू माजरा क्षेत्र से पकड़े गए आरोपियों का पुलिस ने डोप टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद पुलिस ने चोरी की धाराओं के साथ-साथ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27-61-85 भी जोड़ दी है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाला तेजधार हथियार और एक नकली पिस्तौल भी मिली है। इसका इस्तेमाल वे लोगों को डराने के लिए करते थे। पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार… आरोपियों की पहचान करण सिंह निवासी सेक्टर-38 वेस्ट डड्डूमाजरा, सचिन निवासी गांव सतवारा जिला सिरोही राजस्थान (हाल निवासी आजाद नगर बलौंगी), रमन कुमार उर्फ सोल्जर निवासी आजाद नगर बलौंगी, चेतन सिंह नेगी निवासी आजाद नगर बलौंगी, अमनदीप सिंह निवासी गांव बसी गुलाम हुसैनपुर होशियारपुर, धीरज मसीह निवासी सेक्टर-7 खरड़, गुरतेज सिंह उर्फ बोनी निवासी खानपुर खरड़, हरप्रीत सिंह उर्फ पैंती निवासी खानपुर खरड़, कमलदीप सिंह उर्फ काका निवासी गांव बजेहड़ी, सिकंदर सिंह उर्फ गुरी निवासी गांव खानपुर खरड़, नितिन धवन निवासी आजाद नगर देसू माजरा खरड़, रवि शर्मा उर्फ नन्नू निवासी प्रीत नगर शिमलापुरी लुधियाना और अभय निवासी घड़ूआं के रूप में हुई है। तेजधार हथियार, नकली पिस्टल, 4 सिलेंडर भी बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 मोटरसाइकिल, 3 एक्टिवा, 2 साइकिल, एक तेजधार हथियार, एक नकली पिस्तौल, एक इनवर्टर बैटरी, एक पर्स और 4 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। बता दें कि 23 मार्च 2026 को एक दुकान से गैस सिलेंडर चोरी होने की वारदात सामने आई थी। इस मामले में थाना सदर खरड़ में केस दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *