कैथल के नरवल में युवक की हत्या का मामला:महिलाओं से दुर्व्यवहार करने घर में घुसा आरोपी, विरोध करने पर हमला किया

कैथल के गांव नरवल में करीब 34 वर्षीय युवक की डंडे व लाठियों से पीटकर हत्या करने के मामले में परिजनों ने पुलिस को दी गई शिकायत में पड़ोस के एक परिवार के चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने शिकायत में कहा कि आरोपी रजत महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के उद्देश्य से उनके घर में घुसा था, लेकिन जब महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गया था। महिलाओं के साथ बच्चों को भी पीटा जब महिलाएं उनके घर उलाहना देने के लिए गई तो आरोपी रजत और उसके परिवार ने उनके साथ मारपीट की। यहां तक कि बच्चों को भी थप्पड़ों से पीटा। पुलिस को दी शिकायत में मृतक संदीप की पत्नी ने बताया कि आरोपी रजत ने उसकी देवरानी के साथ दुर्व्यवहार किया। इस बात का उसकी देवरानी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे पीट दिया। जब बचाव में वह खुद आगे आई तो आरोपी व उसके परिजनों ने उसे भी पीट दिया। मोटरसाइकिल से धक्का देकर गिराया शाम को जब उसका पति संदीप राजमिस्त्री के काम से घर लौटकर आया और पूरा मामला जानने के बाद पुलिस को शिकायत देने जा रहा था तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। उसकी मोटरसाइकिल को धक्का देकर गली में गिरा दिया। वह छाती के बल गली में गिर गया और सांस लेने में दिक्कत हो गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में राजौंद थाना एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी रजत, उसके पिता, मां और बहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। ये था मामला बता दें कि गांव नरवल में चार आरोपियों ने पीट पीटकर युवक की हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी ने पड़ोस के ही एक युवक व उसके परिवार पर डंडे लाठियों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *