हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। 30 मार्च को हुई बारिश और बादलों की आवाजाही का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने से गर्मी से आंशिक राहत मिली है। विभाग का कहना है कि आज हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसके अलावा आज कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी व उत्तरी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बाद 1 और 2 अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 3 अप्रैल को फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यहां जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम 31 मार्च के बाद मौसम में जल्दी ही सुधार देखने को मिलेगा। 1 और 2 अप्रैल को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी नहीं है। हालांकि 3 अप्रैल को एक बार फिर कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पूरे सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, लेकिन बीच-बीच में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। किसान गेहूं में पीले रतुए की निगरानी करें मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए ही कृषि कार्य करें। गेहूं की फसल में पीले रतुए की नियमित निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर ही कीटनाशक का उपयोग करें। सरसों और अन्य फसलों में कीट प्रबंधन पर ध्यान दें। बदलते मौसम और बढ़ती नमी के कारण रोग बढ़ने की संभावना है, इसलिए सतर्कता जरूरी है। खराब मौसम के दौरान छिड़काव और सिंचाई टालने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…