सोनीपत में रिटायर्ड SI के बेटे की किडनैपिंग की कोशिश:किडनैपर बोले-10 दिन के अंदर मार देंगे; पूर्व ACP पर जड़े आरोप

सोनीपत जिले के बहालगढ़ क्षेत्र में धमकी, मारपीट और जबरन उठाने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने रिटायर्ड एसीपी पर आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दी गई शिकायत को वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि बाहरी बदमाशों को भेजकर उनके बेटे को अगवा करने की कोशिश की गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूर्व एसीपी पर लगाए गंभीर आरोप सोनीपत के वेस्ट रामनगर की रहने वाली उषा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति राजेंद्र सिंह हरियाणा पुलिस से एसआई पद से रिटायर्ड हैं। पुलिस को बताया कि उन्होंने और उनके पति ने रिटायर्ड एसीपी नरसिंह के खिलाफ स्टेट पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी चंडीगढ़ में शिकायत दी हुई है। इसी शिकायत के चलते उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि वे शिकायत वापस ले। युवक से बदसलूकी और किडनैपिंग का प्रयास महिला के अनुसार 14 नवंबर 2025 को उनका बेटा राकेश उर्फ धोला पहलवान बहालगढ़ स्थित अमन एसोसिएशन प्रॉपर्टी ऑफिस में मौजूद था। इसी दौरान सचिन डिघल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने ऑफिस में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और एक व्यक्ति ने राकेश को पकड़कर जबरन बाहर खींच लिया तथा गाड़ी में डालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। शिकायत वापस नहीं लेने पर मारने की धमकी पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने साफ तौर पर धमकी दी, कि यदि उनके खिलाफ दी शिकायत वापस नहीं ली गई, तो 10 दिन के भीतर जान से मार दिया जाएगा और शव का भी पता नहीं चलने दिया जाएगा। धमकी के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पहले भी कई बार दी जा चुकी धमकियां शिकायत में बताया कि 25 अक्टूबर से 14 नवंबर 2025 के बीच कई बार अलग-अलग नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकियां दी गई। कॉल करने वालों में सचिन, प्रशांत और जोनी के नाम सामने आए हैं। पीड़ित परिवार के पास इन धमकियों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मामले की जांच रिपोर्ट पुलिस उपायुक्त कार्यालय से मिलने के बाद थाना बहालगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 62, 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिवार ने मांगी सुरक्षा पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है और जांच अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *