हिमाचल ने एंट्री टैक्स बढ़ौतरी का फैसला लिया वापस:विधानसभा में बोले CM; 5 और 6-12 सीटर वाहनों पर पहले वाला शुल्क लगेगा

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पांच सीटर और 6 से 12 सीटर वाहनों पर बढ़ाया गया एंट्री टैक्स वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि अब पहले की तरह पांच सीटर वाहनों से 70 रुपए और 6 से 12 सीटर वाहनों से 110 रुपए ही एंट्री टैक्स लिया जाएगा। इससे पहले राज्य सरकार ने पांच सीटर वाहनों पर एंट्री टैक्स 70 से बढ़ाकर 170 रुपए और 6 से 12 सीटर वाहनों पर 110 से बढ़ाकर 130 रुपए किया था। इस फैसले का पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में विरोध शुरू हो गया था। खासतौर पर बॉर्डर एरिया में रहने वाले पंजाब के लोग सड़कों पर उतर आए थे। पिछले कुछ दिनों में कई जगह प्रदर्शन हुए, जबकि टैक्सी ऑपरेटर भी फैसले के खिलाफ नाराज थे। हिमाचल में भी इस निर्णय को लेकर विरोध देखने को मिला। आज रात 12 बजे से एंट्री पॉइंट बंद करने की थी चेतावनी नई दरें आज रात 12 बजे से लागू होनी थीं। इससे पहले पंजाब के लोगों ने हिमाचल के एंट्री पॉइंट बंद करने की चेतावनी दी थी। BJP विधायक ने सदन में उठाया मामला पंजाब-हरियाणा और हिमाचल में विरोध के बाद यह मुद्दा भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने आज विधानसभा में पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत उठाया। रणधीर ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में एंट्री टैक्स को लेकर बड़ा विरोध हो रहा है और इससे सीमा क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायकों ने इसी मसले को लेकर विधानसभा के बाहर भी प्रदर्शन किया। सरकार ने 100 से 280 रुपए तक बढ़ाई दरें बता दें कि सरकार ने एंट्री टैक्स में 100 से 280 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। इसके विरोध में पंजाब सरकार ने भी हिमाचल के वाहनों पर टैक्स लगाने के संकेत दिए थे और मामला पंजाब विधानसभा में भी उठा। हालांकि, अब एंट्री टैक्स वापस लेने के फैसले के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *