लुधियाना में फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कथित पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पिता-पुत्र दोनों की संलिप्तता सामने आई है। यह मामला खन्ना के पायल क्षेत्र का है, जहां हाल ही में एक आढ़ती से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती मांगने वाले ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल बताकर पीड़ित को धमकाया था। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि फिरौती की मांग ऑस्ट्रेलिया में बैठे शगनप्रीत सिंह और पंजाब में रह रहे उसके पिता सौदागर सिंह सराओ ने मिलकर की थी। इसके बाद पुलिस ने सौदागर सिंह को पायल से गिरफ्तार कर लिया। उधर, शगनप्रीत की मां दलजीत कौर ने चंडीगढ़ डीजीपी को शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने उनके पति को घर से उठाया। अवैध रूप से हिरासत में रखा। इस दौरान मारपीट की और 10 लाख रुपए की मांग की। दलजीत कौर ने कहा कि उनके पति की जान को खतरा है। उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि पति को सुरक्षित बरामद किया जाए और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। 3 पॉइंट में जानिए फिरौती का केस… DSP बोले- डोनी बल के साथ संलिप्तता मिली
डीएसपी मोहित सिंगला ने बताया कि कुछ दिन पहले पायल इलाके में बलविंदर सिंह उर्फ डोनी बल जो अमृतसर के ब्यास का रहने वाला है। इसकी तरफ से व्यापारी को फिरौती की कॉल की गई थी। सूचना मिलने पर थाना पायल में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि डोनी बल के साथ शगनप्रीत सिंह फतेहगढ़ निवासी भी इस घटना में शामिल था। वर्तमान में शगनप्रीत सिंह ऑस्ट्रेलिया में रहता है और उसका पिता सौदागर सिंह भी इसमें शामिल है। शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर को इस मामले में गिरफ्तार कर दिया गया है। शगनप्रीत का मिड्डूखेड़ा हत्याकांड में भी आया नाम
शगनप्रीत सिंह का नाम सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से पहले हुए विक्की मिड्डूखेड़ा हत्या केस में सामने आया था। विक्की मिड्डूखेड़ा केस के बाद ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी और इसका आरोप लॉरेंस गैंग पर लगा। शगनप्रीत सिंह सिद्धू मूसेवाला की हत्या के समय कनाडा में था।