कांग्रेस ने कल बिहार में जिलाध्यक्षों की घोषणा की थी, जिसमें से अधिकतर सवर्ण जाति के हैं, इसपर बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि जिसकी जितनी हिस्सेदारी उसकी उतनी भागीदारी, ये कॉन्सेप्ट जारी रहेगा। कहा, मैं भी मानता हूं कि इस सूची में कई ऐसे जाति, समूह, वर्ग के लोग हैं, जो छूटे हुए हैं। इस सूची में कुछ वर्गों की हिस्सेदारी छुटी है जिनके नाम को आगे बढ़ाकर हम सुधार करेंगे और दूसरी सूची आएगी। पहले हमारे 40 जिलाध्यक्ष थे, मगर अभी संशोधन किया गया है। जहां विधानसभा की संख्या ज्यादा है, वहां पर काम को स्मूथ करने के लिए 13 जिला में डिवीजन किया गया है, जिसके परिणाम स्वरुप 53 जिलाध्यक्ष इस बार बनाए गए हैं। 3 अप्रैल को पटना में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन बिहार कांग्रेस ने घोषणा की है कि 2 अप्रैल को बिजली बिल की बढ़ोतरी को लेकर पूरे राज्य में प्रखंड स्तर पर पार्टी प्रदर्शन करेगी। वहीं, 3 अप्रैल को पटना में बड़े आंदोलन की तैयारी है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि मैं यूं ही गरीबों को ठगने नहीं दूंगा। 1 अप्रैल से बिहार सरकार द्वारा बिजली बिल के दरों में बढ़ोतरी की जा रही है। वही एलपीजी क्राइसिस भी चल रहा है। पहले एलपीजी का मतलब ‘लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस’ होता था और अब इसका मतलब ‘ले पाओगे’ है। चुनाव में हमारी घोषणाओं की कॉपी की गई थी राजेश राम ने कहा, नीतीश कुमार और गरीब कल्याण की एक साथ विदाई, भाजपा आई, गरीबों पर गाज गिराई। गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को आर्थिक बोझ के नीचे दाबने की तैयारी है। चुनाव में इन लोगों ने गरीबों के लिए बड़े पैकेज की घोषणा की और उसमें भी हमारी घोषणाओं को कॉपी किया था। चुनाव के दौरान बिहार सरकार ने 125 मिनट फ्री बिजली की घोषणा की थी और अब इस घोषणा को विलोपित कर दिया है। इसके अंतर्गत घरेलू उपभोक्ता से 10% से अधिक और व्यावसायिक उपभोक्ता से 20% से अधिक डर की वसूली करेगी। सरकार ने बिहार की जनता को ठगा और लुभा करके वोट ले लिया। सरकार सनातन धर्म पालन करने वालों की रक्षा नहीं कर सकी दूसरी ओर नालंदा में हुई भगदड़ को लेकर राजेश राम ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा और जदयू की सरकार सनातन धर्म का पालन करने वालों को भी रक्षा देने में असफल है। अपने आप को सनातन धर्म का अनुनायी मानने वाली भाजपा भी आज भक्तों की रक्षा नहीं कर सकी। इसके लिए मैं संवेदना प्रकट करता हूं।