अमृतसर । भिंडी सैदां थाना पर हैंड ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी (केएलए) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली है। पुलिस ने पोस्ट को फर्जी बताया है। खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी ने तस्वीर जारी करते हुए दावा किया कि थाने पर 2 हैंड ग्रेनेड फेंके गए थे और हमले में 3 पुलिसकर्मी घायल हुए। आगे लिखा है कि गुरदासपुर में एएसआई और होमगार्ड की हत्या के मामले में पकड़े गए रणजीत सिंह को फर्जी एनकाउंटर में मारने का बदला लेने के लिए हमला किया गया। पोस्ट में केएलए ने अगला निशाना डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल को बताया है। वहीं, गुरदासपुर के एसएसपी सहित 3 पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें लगाकर उन पर लाल रंग से क्रॉस का निशान भी बनाया गया है। धमाका करने से पहले 2 हैंड ग्रेनेड से जुड़ी तस्वीरें भी साझा की हैं। एनकाउंटर में मारे गए आरोपी रणजीत सिंह की भी तस्वीर लगाई है। एएसआई की हत्या के बाद भी डाली थी पोस्ट गुरदासपुर में 21 फरवरी को अदियां पुलिस पोस्ट में तैनात एएसआई गुरनाम सिंह व होमगार्ड जवान अशोक कुमार की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने 3 आरोपियों को काबू किया था। इसमें रणजीत सिंह एनकाउंटर में ढेर हो गया था। एएसआई कीहत्या की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने पोस्ट डालकर ली थी।