भास्कर न्यूज | अमृतसर 88 फुट रोड पर श्री राम एवेन्यू इलाके में झगड़े की रंजिश में हमलावरों ने घर में आग लगा दी, जिससे अंदर मौजूद बुजुर्ग जिंदा जल गया। मृतक की पहचान सविंदर सिंह (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में 2 दिन के बाद 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में रानी ने बताया कि 25 मार्च की रात को बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ रिंकू का इलाके के ही रमेश कुमार उर्फ सोनू के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े में सोनू को चोटें आईं, जिसके बाद बेटा पुलिस के डर से घर छोड़कर चला गया था। 28 मार्च की शाम करीब साढ़े 7 बजे सोनू, राकेश कुमार, जश्न, प्रिंस और उनके 8-10 साथी हथियारों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और रिंकू को जान से मारने की धमकियां दीं। डर के कारण अपने नाती-नातिन को लेकर रिश्तेदारी में वेरका चली गई, जबकि पति सविंदर सिंह घर में ही थे। अगले दिन 29 मार्च की शाम पड़ोसियों की कॉल आई कि उनके घर में आग लगा दी गई है। जब आकर देखा तो घर का काफी सामान जल चुका था। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम बाहर से बंद था। दरवाजा खोला पर पति सविंदर सिंह अंदर बुरी तरह जला हुआ मिला जिसकी मौत हो चुकी थी। रानी ने कहा कि उक्त आरोपियों ने उसके पति को बाथरूम में बंद कर घर में आग लगाई और उसकी हत्या कर दी। थाना सदर एसएचओ किरनदीप सिंह ने बताया कि मामले में रानी का बयान दर्ज कर केस दर्ज किया है।