लुधियाना के कुमकलां में कांग्रेस के माछीवाड़ा ब्लॉक प्रधान की कुल्हाड़ी मार कर हत्या करने वाले के साथी की भी पहचान हो गई है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अजय उर्फ विजय कुमार के साथी लक्की का नाम भी FIR में शामिल कर दिया। विजय कुमार व लक्की हत्या के बाद मोटर साइकिल से ही फरार हो गए थे और अभी तक पुलिस उनका सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस के सामने सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि आरोपी कहीं भी सीसीटीवी में कैद नहीं हुए। अब तक की पुलिस पड़ताल में यह बात सामने आई कि अजय उर्फ विजय कुमार का परिवार हत्या की साजिश रचने में शामिल था। पुलिस ने विजय कुमार के पिता, दो भाइयों व एक रिश्तेदार को षड़यंत्र रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अजय कुमार पहले भी कई बार परमिंदर तिवारी को धमकाता रहता था। पुलिस इसे प्रॉपर्टी विवाद ही मान रही है। हालांकि परिवार इसे सुपारी किलिंग मान रही है और पुलिस से डिमांड कर रही है कि हत्यारों के साथ-साथ हत्या करवाने वालों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस जांच में अभी तक ये अहम बातें आई सामने.. हत्या के समय लक्की चला रहा था बाइक: प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक जिसने हत्या की है वो बाइक पर पीछे से बैठा था और दूसरा व्यक्ति बाइक चला रहा था। जो बाइक चला रहा था उसने मुंह को पूरी तरह से कवर किया था। जिसकी वजह से प्रत्यक्षदर्शी उसकी पहचान नहीं कर पाए। पुलिस जांच में पता चला है कि बाइक चलाने वाला लक्की था और वो दोनों तब से फरार हैं। घर में बैठकर रची की साजिश: थाना कुमकलां के एसएचओ इंस्पेक्टर परमदीप सिंह ने बताया कि अजय ने अपने साथी लक्की को घर में बुलाया। वहां पर अजय का पिता, दो भाई और एक रिश्तेदार सभी ने मिलकर हत्या की साजिश रची। गांव में करते रहे रेकी: एसएचाओ ने बताया कि अब तक की जांच में यह पता चला है कि अजय व लक्की मोटर साइकिल में गांव में घूमते रहे। वो परमिंदर तिवारी की रेकी कर रहे थे। जब परमिंदर तिवारी अपने घर से निकला तो आरोपी गांव में घूम रहे थे। उन्हें पता चला कि वह अपनी दूसरी बिल्डिंग के बाहर बैठा है तो वो वहां चले गए। मोटर साइकिल को कर रहे ट्रेस: पुलिस का कहना है कि आरोपी मोटर साइकिल से फरार हुए हैं। पूछताछ में पता चला कि दोनों तखरां की सड़क से चौक पर आकर लुधियाना की तरफ गए हैं। उन्होंने बताया कि मोटर साइकिल नंबर से शहर की तरफ उनको ट्रेस किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे न होने से बढ़ी पुलिस की मुश्किलें: ग्रामीण एरिया होने के कारण वहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं है। वारदात स्थल से कुछ दूरी पर एक कैमरे में मोटर साइकिल दिखा है लेकिन वो इतनी तेजी से निकले कि उसमें भी डिटेक्ट नहीं हो रहा। पुलिस का कहना है कि माछीवाड़ा रोड पर लुधियाना की तरफ मुड़ने के बाद वो गांवों के रास्ते कहीं दूसरी तरफ निकल गए हैं। अल्टीमेटम की मियाद खत्म, आज कांग्रेस घेरे सीपी दफ्तर कांग्रेस के हलका समराला के इंचार्ज राजा गिल की अगवाई में मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कोहाड़ा-माछीवाड़ा रोड पर चक्का जाम किया। करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रदर्शन किया लेकिन कोई पुलिस अधिकारी नहीं आए। राजा गिल ने बताया कि पुलिस को रात तक का अल्टीमेटम दिया गया था लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 11 बजे के बाद पुलिस कमिश्नर दफ्तर का घेराव करेगी जिसमें पार्टी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी शामिल होंगे। तीन दिन से शव फोर्टिस अस्पताल में पड़ा है तीन दिन से परमिंदर तिवारी का शव फोर्टिस अस्पताल की मॉर्चरी में पड़ा है। परिवार ने स्पष्ट कह दिया कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते तब तक वो न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही संस्कार। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित एसएचओ परमदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इसमें क्राइम ब्रांच की टीमों को भी शामिल किया गया है। आरोपी जल्दी ही पकड़ लिए जाएंगे।