रेवाड़ी शहर में रोहतक हाईवे के पास गांव गंगायचा जाट में एक खेत में महिंद्रा थार गाड़ी रहस्यमय परिस्थितियों में मिली है। गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे और उस पर खून के निशान भी देखे गए। इस घटना से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर ने किसी अनहोनी से बचने के लिए गाड़ी को खेत में उतार दिया था। गाड़ी तेजी से खेत की तार वाली फेंसिंग को तोड़ती हुई अंदर घुसी और धंस गई। इसके बाद ड्राइवर गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। सुबह खेतों में काम करने गए स्थानीय लोगों ने इस थार गाड़ी को देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही रेवाड़ी सदर थाने और रोहड़ाई थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। बताया जा रहा है कि कार मालिक गुड़गांव के खलीलपुर का रहने वाला है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कार चला कौन रहा था, सदर थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है। कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई रेवाड़ी सदर थाने के एसएचओ राजेंद्र ने बताया कि अभी तक घटना के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी है। गाड़ी का मालिक, ड्राइवर या घटना का कारण क्या था, इसकी जांच जारी है। पुलिस फिंगरप्रिंट, खून के सैंपल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की गहन छानबीन कर रही है। इलाकों में पूछताछ में जुटी पुलिस घटना रेवाड़ी-रोहतक हाईवे के निकट हुई है, जिससे सड़क सुरक्षा और हिट एंड रन जैसे मामलों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ तेज कर दी है और जल्द ही मामले में कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद जताई है।