करनाल जिले के घोघगड़ीपुर गांव के एक 20 वर्षीय युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अब परिजन बेटे के अंतिम दर्शन के लिए उसके शव को भारत लाने की कोशिश में जुटे हैं और इसके लिए सरकार, प्रशासन व आम लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। एक साल पहले ही गया था अमेरिका गोगड़ीपुर गांव के आर्यन मान करीब एक साल पहले अमेरिका गया था। वहां उसे नौकरी भी मिल गई थी और उसने अपनी जरूरतों के लिए गाड़ी भी खरीद ली थी। परिवार को उम्मीद थी कि आर्यन विदेश में मेहनत कर घर की आर्थिक स्थिति को बेहतर करेगा। दो दिन पहले हुआ हादसा समाजसेवी रणबीर लोहान ने बताया कि दो दिन पहले आर्यन कहीं जा रहा था, तभी उसका सड़क हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। घटना के बाद से परिवार गहरे शोक में है। इकलौता सहारा था आर्यन आर्यन मान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और वही परिवार की उम्मीदों का सहारा भी था। उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। माता-पिता अपने बेटे के अंतिम दर्शन करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शव को भारत लाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा। गो फंड के जरिए जुटाई जा रही मदद परिवार की मदद के लिए अब गो फंड के माध्यम से आर्थिक सहयोग जुटाने की कोशिश की जा रही है। गांव के लोग और परिचित भी आगे आकर सहायता कर रहे हैं, ताकि आर्यन का शव गांव लाकर उसका अंतिम संस्कार किया जा सके। समाजसेवी रणबीर लोहान ने लोगों से अपील की, कि वे आगे आकर परिवार की मदद करे, ताकि माता-पिता अपने बेटे को अंतिम विदाई दे सके।