संभल में 500 छात्राओं ने देखी ‘द केरला स्टोरी 2’:फिल्म देख छात्राएं बोलीं- दूसरों के बहकावे में न आएं, अपने मूल्यों पर कायम रहें

संभल में 8 स्कूल-कॉलेजों की लगभग 500 छात्राओं को ‘द केरला स्टोरी 2’ फिल्म फ्री में दिखाई गई। फिल्म देखने के बाद छात्राओं ने कहा कि उन्हें कई महत्वपूर्ण बातें समझ में आईं। लड़कियों के साथ फिल्म में दिखाए गए गलत व्यवहार से बचना चाहिए। बुधवार को संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित तुलसी सिनेमा हॉल में यह विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। सिनेमा हॉल में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं के अलावा समाज की अन्य महिलाओं और लड़कियों के लिए भी तीन शो दिखाए गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अलर्ट रही और सभी छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ पहुंचीं। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा चारु ने बताया कि फिल्म में लड़की के साथ हुए गलत घटनाक्रम को देखकर उन्हें दुख हुआ और ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा प्रियांशी वार्ष्णेय ने फिल्म को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म का मुख्य उद्देश्य जागरूकता फैलाना है। यह केवल धर्म विशेष के बारे में नहीं, बल्कि आत्म-जागरूकता के बारे में है कि हमें दूसरों की बातों में आकर हेरफेर का शिकार नहीं होना चाहिए। प्रियांशी ने जोर दिया कि हमें अपने माता-पिता द्वारा दिए गए मूल्यों का पालन करना चाहिए और अपनी जिंदगी में पहले अपने लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों को इतना मजबूत होना चाहिए कि कोई उन्हें आसानी से प्रभावित न कर सके। स्कूल द्वारा यह फिल्म दिखाना जागरूकता फैलाने की दिशा में एक अच्छा कदम है, जो सभी लड़कियों के लिए महत्वपूर्ण है, चाहे वे किसी भी धर्म की हों। बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा मानवी कौशिक ने कहा कि “द केरला-2” फ़िल्म बढ़िया लगी। उसमें बस यह था कि जो लड़कियां होती हैं, वो किसी के जाल में फँस जाती हैं तो ऐसा न किया करें। खुद इंडिपेंडेंट बनें और खुद अपने पैरों पर खड़ी हों, किसी के जाल में मत आइए जो लड़के करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *