गुरदासपुर में AAP ब्लॉक प्रधान बदमाशों से भिड़ी:पति के साथ जा रही थी, बाइक सवार लुटेरों ने रोका, नकदी- अंगूठी छीनने की कोशिश

गुरदासपुर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) की एक महिला ब्लॉक प्रधान अपने पति के साथ मिलकर लुटेरों से भिड़ गई। लुटेरों ने उन्हें नकली पिस्तौल दिखाकर लूटने का प्रयास किया था, लेकिन महिला प्रधान ने उनसे पिस्तौल छीन ली। इस दौरान उनके पति घायल हो गए। यह घटना गुरदासपुर के थाना फतेहगढ़ चूड़ियां से लगभग एक किलोमीटर दूर बद्दोवाल के पास रेलवे क्रॉसिंग पुल पर हुई। गांव थरीएवाल निवासी आम आदमी पार्टी की महिला ब्लॉक प्रधान कमलजीत कौर अपने पति गुरनाम सिंह और छोटी बेटी के साथ बाइक पर रामदास नवोदय स्कूल जा रही थीं। रास्ते में दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उन्हें रोका और पिस्तौल दिखाकर 20 हजार नकद और एक सोने की अंगूठी छीनने का प्रयास किया। पिस्टल नकली होने का हुआ संदेह लूट के दौरान कमलजीत कौर और उनके पति को लुटेरों की पिस्तौल नकली होने का संदेह हुआ। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर लुटेरों पर जवाबी हमला कर दिया। उन्होंने लुटेरों से नकली पिस्तौल छीन ली और एक लुटेरे के कपड़े फाड़ दिए, साथ ही उसकी पिटाई भी की। हाथापाई के दौरान एक लुटेरा किसी तरह बच निकला और अपनी बाइक पर खड़े दूसरे साथी के पीछे बैठकर फतेहगढ़ चूड़ियां की ओर फरार हो गया। इस झड़प में लुटेरों ने नकली पिस्तौल के बट से कमलजीत कौर के पति गुरनाम सिंह के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस को सौंपी बदमाशों द्वारा छोड़ी नकली पिस्तौल
घटना के बाद महिला प्रधान कमलजीत कौर और उनके पति ने नकली पिस्तौल पुलिस को सौंप दी। उन्होंने थाना फतेहगढ़ चूड़ियां में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और जल्द गिरफ्तारी तथा सख्त सजा की मांग की। कमलजीत कौर ने कहा कि क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन लुटेरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और दिनदहाड़े ऐसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *