मोहाली जिले के खरड़ क्षेत्र में धार्मिक ग्रंथ गुटका साहिब के पवित्र अंग कचरे के ढेर में कटे-फटे हालत में मिले हैं। यह घटना वार्ड-20 स्थित आर्य रोड पर गुरुद्वारा कलगीधर साहिब सभा के पास हुई, जिससे इलाके में रोष का माहौल है। बुधवार की दोपहर करीब 1:30 बजे मनदीप सिंह नामक एक युवक ने इन अंगों को देखा। वह गुरुद्वारा कलगीधर साहिब सभा के पास पार्किंग क्षेत्र का गेट खोलने गया था, तभी उसकी नजर कचरे के ढेर में बिखरे गुटका साहिब के पवित्र अंगों पर पड़ी। मनदीप सिंह ने तुरंत इसकी सूचना गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को दी। सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। सम्मान के साथ एकत्रित किया खरड़ सिटी थाना के एसएचओ अमरिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मोहाली स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को भी बुलाया गया। उनकी मदद से संगत और गुरुद्वारा प्रबंधन ने धार्मिक ग्रंथ के पवित्र अंगों को पूरे सम्मान के साथ एकत्रित किया। इस घटना को लेकर इलाके के लोगों और सिख संगठनों में गहरा रोष है। मौके पर मौजूद पार्षद मान सिंह, अमनदीप सिंह अमु और रविंदर सिंह खेड़ा सहित स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।