जगराओं में लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक तीर्थ सिंह की मौत हो गई। वह गांव हठूर का निवासी था। इस दुर्घटना में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, तीर्थ सिंह अपने साथी के साथ बाइक पर मोगा की तरफ से आ रहा था। लुधियाना रोड पर पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बेकाबू होकर गिर गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। घायल को कराया अस्पताल में भर्ती इस हादसे में तीर्थ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रोड सेफ्टी फोर्स के जवानों ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। तीर्थ सिंह की मौत की खबर से गांव हठूर में गम का माहौल है।