लुधियाना जिले में जगराओं के एक नजदीकी गांव में एक कलयुगी बाप द्वारा अपनी इकलौती बेटी से रेप की कोशिश करने के शर्मनाक मामला सामने आया है। मामले के बाद गांव की पंचायत द्वारा मौके पर पहुंच कर पहले तो आरोपी बाप की जमकर धुनाई की गई और इसके बाद आरोपी पिता को थाना सदर की पुलिस के हवाले कर दिया गया। जिस समय थाना सदर के एसएचओ मौके पर गांव पहुंचे उस समय आरोपी पिता नशे में धुत था। फिलहाल पुलिस आरोपी को अपने साथ थाना सदर ले आई है। जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। बकरी चरा रहे तीन लोगों ने देखा जानकारी के अनुसार, नजदीकी गांव को जाते रस्ते पर स्थित सेम नाले के किनारे प्रवासी मजदूर अपनी झुग्गी में अपनी तीन साल की बेटी के साथ रेप की कोशिश कर रहा था। इस दौरान पास ही कुछ बकरी चरा रहे लोगों ने झुग्गी से आ रही चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह तुरंत झुग्गी के अंदर चले गए। अंदर बिना कपड़ों के पिता को देख कर तीनों लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने गांव की पंचायत और सरपंच को तुरंत सूचित किया। सूचना मिलने के तुरंत बाद पंचायत सदस्य और गांव का सरपंच मौके पर पहुंचे, जिन्होंने हकीकत जानकर पहले तो आरोपी पिता की जमकर धुनाई की और उसके बाद थाना सदर की पुलिस को सूचित करके मौके पर बुलाया। कल किया जाएगा कोर्ट में पेश मौके पर पहुंचे एसएचओ सदर सुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें गांव के सरपंच की ओर से एक व्यक्ति द्वारा अपनी ही 3 वर्ष की बेटी के साथ रेप की कोशिश की सूचना मिली थी जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मामले में सच्चाई है। इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह का कहना है कि इस मामले में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गांव के सरपंच जगतार सिंह ने बताया कि आरोपी पिता नशे में धुत था और बाद में हाथ जोड़ माफी मांग रहा था।