गुरुग्राम में दुकानदारों ने ग्राहक को पीटा, Video:मिठाई-पनीर लेने आया था, दुकान के बाहर ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर विवाद

गुरुग्राम के नाथुपुर इलाके में एक छोटी-सी बात पर दुकानदारों ने एक ग्राहक की बेरहमी से पिटाई कर डाली। युवक का कसूर सिर्फ केवल इतना था कि उसने एक दुकान के बाहर अपनी ई-रिक्शा खड़ी करके अंदर सामान लेने चला गया था। गुस्साए दुकानदारों ने लोहे की रॉड और डंडों से युवक को बुरी तरह पीटा। पीड़ित रोशनलाल मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है और नाथुपुर में किराए पर रहता है। उसका कहना है कि सिर में उसको आठ टांके लगे हैं। जब वह अर्धचेतना अवस्था में था, तब आरोपियों ने उससे जबरन समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़ित का आरोप है कि दुकानदारों ने उसे धमकाकर लिखित समझौता कराया, ताकि बाद में कोई कानूनी कार्रवाई न हो सके। रोशनलाल ने पुलिस में शिकायत दी है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सीसीटीवी में कैद हुई घटना घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दुकानदार युवक पर लगातार डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। घटना के समय वह अपनी ई-रिक्शा दुकान के बाहर खड़ी करके अंदर कुछ सामान लेने गया। इससे नाराज दुकानदारों ने उसे घेर लिया और बिना किसी चेतावनी के लोहे की रॉड व लकड़ी के डंडों से हमला बोल दिया। सीसीटीवी में जांच कर कार्रवाई करे पुलिस पीड़ित का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज साफ-साफ हमले को दिखा रहा है, फिर भी पुलिस लापरवाही बरत रही है। उन्होंने मांग की, कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। किराएदार पीड़ित के पक्ष में आए आसपास रहने वाले कई लोगों का कहना है कि नाथुपुर के कई इलाकों में छोटी-छोटी बातों पर दुकानदारों द्वारा इस तरह की गुंडागर्दी आम होती जा रही है। ई-रिक्शा चालकों और आम नागरिकों को बार-बार ऐसे हमलों का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो सामने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में पुलिस अधिकारियों की तरफ से बताया गया है कि फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *