लुधियाना जिले के भामियां रोड इलाके में बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक वारदात को अंजाम दिया है। कार चलाना सीख रही एक महिला डॉक्टर को चाकू दिखाकर दो अज्ञात युवक उसकी सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी छीनकर फरार हो गए। थाना मेहरबान की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। शहर के एंट्री और एग्जिट पुवाइंट पर भी पुलिस ने अलर्ट मैसेज भेजा हुआ है। रिवर्स करते समय घेरा, हथियार दिखाकर धमकाया शिकायतकर्ता डॉक्टर अवनीत कौर ने पुलिस को बताया कि वह 31 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच अपनी सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी (नंबर PB 91 T 2400) पर सवार होकर ड्राइविंग सीख रही थी। जैसे ही वह भामियां रोड स्थित श्मशान घाट के पास पहुंची और गाड़ी बैक करके वापस मोड़ने लगी, तभी वहां एक बाइक पर दो युवक आए। गाड़ी छीनकर ताजपुर रोड की तरफ गए बदमाश पीड़िता डॉक्टर अवनीत ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने महिला को चाकू जैसा कोई तीखा हथियार दिखाकर डराया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे महिला से गाड़ी छीनकर ताजपुर रोड की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 307 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।