आज पूरे हरियाणा में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट:50 KM/H तक चलेंगी हवाएं, हिसार में रात तेज बारिश, सिरसा-फतेहाबाद में चली आंधी

हरियाणा में आज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। वहीं, दक्षिण हरियाणा के इलाकों में तेज बारिश व ओले गिर सकते हैं। यहां ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हवा की रफ्तार पहुंच सकती है। इसी तरह, 4 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 KM/H रहेगी, जबकि कई जगह 40-50 KM/H तक तेज झोंके चल सकते हैं। बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। हरियाणा में बारिश को लेकर दो बड़े अपडेट… 1. एक दिन पहले हिसार में हुई बारिश
बता दें कि कल 2 अप्रैल को हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज आंधी देखने को मिली, जबकि हिसार में रात के समय जोरदार बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 31 मार्च को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। हरियाणा के करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। 2. आज यहां-यहां ज्यादा असर रहेगा
आज दक्षिण और पश्चिम हरियाणा जैसे हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में आंधी और ओलावृष्टि का ज्यादा खतरा है। उत्तरी और पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं। रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जैसे मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। जानिए कैसा रहा दिन और रात का तापमान… मार्च महीने में 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई हरियाणा में मार्च 2026 के दौरान मौसम ने कई बार करवट ली और इसका असर बारिश के आंकड़ों में साफ दिखा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस महीने औसतन करीब 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (15.1 मिमी) से ज्यादा है। यानी पूरे प्रदेश में कुल मिलाकर करीब 19% अधिक बारिश हुई। मार्च महीने में रोहतक में सबसे ज्यादा 37.9 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रेवाड़ी में 36.8 मिमी, चरखी दादरी में 36.0 मिमी, भिवानी में 26.8 मिमी, पलवल में 23.0 मिमी बारिश हुई। सिरसा में 5.2 मिमी सबसे कम बारिश हुई। जींद में 6.4 मिमी, फतेहाबाद में 7.3 मिमी, अंबाला में 11.0 मिमी और यमुनानगर 19.8 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 33 मिमी से कम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *