दानापुर जीआरपी ने ट्रेन में टीटीई (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) का वेश धारण कर यात्रियों का सामान चुराने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर निवासी विष्णु पांडेय के पुत्र रामनरेश पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में रेल डीएसपी कंचन राज ने जानकारी दी। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में चोरी की शिकायत हुई थी यह कार्रवाई 1 अप्रैल को न्यू जलपाईगुड़ी से आनंद विहार टर्मिनल जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में हुई चोरी की शिकायत के बाद की गई। ट्रेन के ए1 कोच में यात्रा कर रहे संजीव कुमार गुप्ता ने दानापुर रेल थाना में अपने पर्स से मोबाइल और नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर जीआरपी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान, प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लगे सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति टीटीई के वेश में संदिग्ध रूप से ट्रेन से उतरता हुआ दिखाई दिया। ट्रेन के नीचे से दूसरी लाइन की ओर भागा था वह व्यक्ति ट्रेन के नीचे से दूसरी लाइन की ओर जाते हुए भी देखा गया, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। आरोपी सीसीटीवी में दिखने के बाद एक एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर आरा की ओर भाग गया पुलिस ने आरा जीआरपी से संपर्क किया और तकनीकी टीम की मदद से उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। बाद में उसका लोकेशन पटना के करबिगहिया में मिला, जहां छापेमारी से पहले ही वह फिर भाग निकला। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने उसे आरा के कायम नगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामनरेश पाण्डेय का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी चार बार जेल जा चुका है। उस पर आरा नवादा में सोना तस्करी और डीडीयू में ड्रग्स स्मगलिंग सहित कई मामलों में संलिप्त रहने का आरोप है। उसकी पत्नी भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रही है और वह भी जेल जा चुकी है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।