यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:सोना लूटने वाली 4 महीने की गर्भवती; पत्नी ने कराई BSF जवान की हत्या; मंत्री को ‘माननीय’ लिखिए

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर अयोध्या से है। खिलौना पिस्टल तानकर एक बुर्के वाली हिंदू महिला ने ज्वेलरी लूट ली। वहीं, दूसरी खबर योगी के असम दौरे और चुनावी जनसभा से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- अयोध्या में बुर्का पहनकर लूटने वाली महिला हिंदू निकली:4 महीने की गर्भवती, बॉयफ्रेंड के साथ गिरफ्तार अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला हिंदू निकली। बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसने वारदात की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का नाम पायल (25) और लड़के का नाम राहुल (27) है। पायल ने नकली पिस्टल दिखाकर लूट को अंजाम दिया और राहुल के साथ बाइक से फरार हो गई। पायल की पिछले साल 5 अप्रैल को शादी हुई थी। वह 4 महीने की गर्भवती है। पूरी खबर पढ़ें 2- योगी बोले-हमारे यहां सड़कों पर कोई नमाज नहीं पढ़ सकता; असम में दो चुनावी रैलियां कीं असम में सीएम योगी ने कहा- हमारे यहां सड़कों पर कोई नमाज नहीं पढ़ सकता। अब यूपी में कर्फ्यू नहीं लगता। नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा। दंगाइयों को संपत्ति गरीबों और दलितों में बांट देते हैं। किसी धर्म से चिल्लाने की आवाज नहीं आती है। असम में पहली चुनावी रैली की है। बरपेटा क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवार दीपक कुमार दास के समर्थन में रैली को संबोधित किया। पूरी खबर पढ़ें 3- यूपी में बेमौसम बारिश, चित्रकूट-ललितपुर में बिजली गिरी-3 मौत यूपी में मौसम फिर से बदल गया है। मथुरा के कोसी में शुक्रवार शाम होते ही जमकर ओले गिरने लगे। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। वाराणसी में भी दोपहर को धूल भरी आंधी चली। इसके बाद पानी बरसने लगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले प्रयागराज, जौनपुर, कौशांबी और भदोही समेत 7 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। आकाशीय बिजली गिरने से बीते 24 घंटे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 4- हाईकोर्ट ने पूछा- मंत्री के आगे ‘माननीय’ क्यों नहीं लिखा?, FIR पर पुलिस को फटकारा FIR में केंद्रीय मंत्री के नाम के आगे ‘माननीय’ या ‘श्रीमान’ नहीं लगाने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। बेंच ने पुलिस से पूछा- FIR केंद्रीय मंत्री पर दर्ज हो रही थी, तो उनके नाम के आगे सम्मानजनक शब्दों का प्रयोग क्यों नहीं किया गया। कोर्ट ने अपर मुख्य सचिव गृह से एफिडेविट देकर जवाब दाखिल करने को कहा है। इस मामले में 6 अप्रैल को सुनवाई की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 5- पंत-गोयनका के बीच तीखी बातचीत पर सफाई; LSG के पोस्ट पर X ने लगाया नोट LSG के कप्तान ऋषभ पंत और मालिक संजीव गोयनका के बीच तीखी बातचीत का वीडियो आने के बाद टीम ने इसकी सफाई में एक वीडियो पोस्ट किया। इस पर लिखा- हर चीज जो आप देखते हैं, वह सत्य नहीं होता। इस पोस्ट पर X ने कम्युनिटी नोट लगा दिया है। X के अनुसार, घटना के वक्त मैदान में क्राउड था लेकिन गोयनका ने घटना के बाद सीन को रीक्रिएट किया है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मेरठ में पत्नी ने सुपारी देकर कराई BSF जवान की हत्या; 14 साल पहले हुई थी शादी मेरठ में बीएसएफ जवान की हत्या पत्नी ने सुपारी देकर कराई थी। इसमें उसके बॉयफ्रेंड ने साथ दिया था। बॉयफ्रेंड ने अपने 3 दोस्तों को 6 लाख रुपए में जवान की हत्या की सुपारी दी थी। ये रुपए पत्नी ने जेवर बेचकर दिए थे। इसी पैसों से उसने तमंचा भी खरीदा था। बॉयफ्रेंड बीएसएफ जवान का मौसेरा भाई है। पुलिस ने पत्नी कोमल, बॉयफ्रेंड समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें 7- अखिलेश बोले- ये सनातनियों का संकटकाल; सपा गांव-गांव मनाएगी अंबेडकर जयंती अखिलेश यादव ने कहा कि देश में अमृतकाल नहीं, बल्कि संकटकाल चल रहा है। सनातनियों का संकटकाल चल रहा है। संत मारे जा रहे हैं, संतों की हत्याएं हो रही हैं, उनका अपमान किया जा रहा है। भाजपा सरकार सौदागर की तरह काम कर रही है। हर चीज बेच रही, उनका लक्ष्य केवल मुनाफा कमाना है। बताया- समाजवादी पार्टी गांव-गांव में डॉ.अंबेडकर जयंती मनाएगी। पूरी खबर पढ़ें 8- मैनपुरी में चाचा-भतीजे को 20 मिनट रौंदती रहीं गाड़ियां, 3 की मौत मैनपुरी में डंपर ने बाइक सवार चाचा-भतीजा समेत तीन लोगों को रौंद दिया। चाचा-भतीजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों के शव सड़क पर ही पड़े रहे। करीब 20 मिनट तक दोनों शवों के ऊपर से गाड़ियां गुजरती रहीं। पुलिस ने बुरी तरह कुचले शवों को खुरचकर समेटा। तीसरे घायल की अस्पताल में मौत हो गई। तीनों लोग एक ही बाइक से शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 9- विधायक पिता बोले- बेटा हो या कोई और, कानून सबके लिए; बेटे ने SDM पर रौब दिखाया था SDM पर रौब दिखाने के मामले में विधायक पिता बोले- बेटा हो या कोई और, कानून सबके लिए। किसी को कानून के उल्लंघन का अधिकार नहीं है। दरअसल, जहानाबाद से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बड़े बेटे राहुल पटेल का नैनीताल में जाम में फंसने के दौरान हूटर बजाने को लेकर विवाद हो गया था। उसने एसडीएम से कहा था- तुम हमें नहीं जानते, पापा विधायक हैं हमारे। पूरी खबर पढ़ें 10- सीमा हैदर ने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा, सिर पर लोटा रखकर कुआं पूजन किया पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर ने अपने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा है। गुरुवार को नोएडा के रबूपुरा स्थित घर पर बेटे का नामकरण हुआ। नामकरण संस्कार के पहले सीमा ने जागरण कराया। इसके बाद कुंआ पूजन किया। चार साल पहले पाकिस्तान से आई थी। यहां प्रेमी सचिन से शादी कर ली थी। सचिन से उसके दो बच्चे हैं-बेटी मीरा और बेटा भारत। पूर्व पति से 4 बच्चे हैं। पूरी खबर पढ़ें 11- मंत्री राजभर बोले- सपा में मुस्लिम नेता गुलाम; अखिलेश न राम के रहे न कृष्ण के जौनपुर में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा- सपा में मुस्लिम नेता गुलाम हैं। ‘मारने वाले और मार खाने वाले’ एक ही दल में शामिल हो गए हैं। सपा में शामिल मुस्लिम नेताओं में अखिलेश से अगली बार मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की बात कहने की हिम्मत नहीं है। अखिलेश अब न राम के रहे और न ही कृष्ण के हैं। वह जिस गुर्जर जाति को जोड़ने दादरी गए थे, वह ‘कट्टर हिंदू’ है। पूरी खबर पढ़ें 12- कुशीनगर में 60 फीट ऊंचा झूला 5 सेकंड में टूटकर गिरा; 80 लोग बैठे थे कुशीनगर के मेले में 60 फीट ऊंचा झूला महज 5 सेकंड में घूमते हुए अचानक जमीन पर आ गिरा। झूले के गिरने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें झूला घूमते वक्त अचानक जमीन से उखड़ते और फिर गिरते हुए दिखाई दे रहा है। झूले पर बैठे 80 लोग इधर-उधर गिरते दिखाई दे रहे हैं। आसपास खड़े लोगों को खुद को बचाने का मौका भी नहीं मिला और चीख-पुकार मच गई। पूरी खबर पढ़ें 13- गोरखपुर में रीलबाजी के चक्कर में 4 दोस्त डूबे, राप्ती नदी से 2 दिन बाद मिले शव गोरखपुर में स्टंट करते हुए रील बनाने के चक्कर में 4 दोस्तों की जान चली गई। चारों की राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। दो दिन बाद उनके शव मिले। नदी किनारे बुधवार को 9 लड़के साइकिल से स्टंट कर रील बना रहे थे। इस दौरान 5 लड़के राप्ती नदी में नहाते हुए रील बनाने लगे। तभी पांचों लड़के डूबने लगे। हालांकि, एक किशोर राजकरन किसी तरह बाहर निकल आया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- मच्छर काटने से तंग आकर महिला ने नदी में लगाई छलांग, बोली- 10 साल से परेशान हूं कानपुर के जाजमऊ गंगापुल से एक बुजुर्ग महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाते देख नाविकों ने जान जोखिम में डालकर उसे बचाया। महिला अपने 3 बेटों और बहुओं के साथ रहती है। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया- मच्छरों से तंग आकर नदी में छलांग लगाई। वह 10 साल से मच्छर काटने से परेशान है। मच्छरों के काटने से शरीर पर दाने निकल आते हैं। पूरी खबर पढ़ें कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी 4 अप्रैल को यूपी के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, नए विक्षोभ के सक्रिय होने से पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। कई जिलों में तेज आंधी भी चल सकती है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *