लधियाना के साहनेवाल में गांव उमेदपुर बस स्टैंड पर बस चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। कंप्यूटर कोर्स कर घर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी प्राइवेट बस से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से बस समेत फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पीड़ित लड़की के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पिता बस स्टैंड पर कर रहे थे इंतजार घटना एक अप्रैल, 2026 की है। पुलिस को दिए बयानों में गुरमीत सिंह निवासी गांव उमेदपुर ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी कमलप्रीत कौर हर रोज की तरह कंप्यूटर कोर्स करने साहनेवाल गई हुई थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे गुरमीत सिंह अपनी बेटी को लेने के लिए उमेदपुर बस स्टैंड पर खड़े उसका इंतजार कर रहे थे। चलती बस की खिड़की से सड़क पर गिरी किशोरी
पीड़ित पिता के अनुसार कमलप्रीत ग्रेवाल कंपनी की बस (नंबर PB.10.FV 7081) में सवार थी। जैसे ही बस उमेदपुर स्टैंड पर पहुंची कमलप्रीत उतरने के लिए बस की खिड़की के पास आकर खड़ी हो गई। इसी दौरान बस चालक ने बड़ी लापरवाही बरतते हुए अचानक जोरदार ब्रेक मार दी। झटका इतना तेज था कि कमलप्रीत संतुलन खो बैठी और चलती बस की खिड़की से सीधे सड़क पर जा गिरी। इलाज जारी, आरोपी चालक फरार हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय बस लेकर फरार हो गया। घायल कमलप्रीत को तुरंत सिविल अस्पताल साहनेवाल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला साहनेवाल पुलिस ने गुरमेल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(A) और 125(B) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बस को कब्जे में लेने और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।