मंडी में 1.2 किलो से अधिक चरस पकड़ी:दो आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी पुलिस

मंडी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 1.2 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में, पुलिस थाना धनोटू में एफआईआर संख्या 37/26, धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तरोट (मंडी–सुंदरनगर मार्ग) के पास नाकाबंदी के दौरान 31 वर्षीय केनेथ डानियल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 299 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। औट टनल के पास थलौट पुलिस को मिली कामयाबी दूसरे मामले में, पुलिस थाना औट में एफआईआर संख्या 33/26, धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। औट टनल के पास थलौट क्षेत्र में पुलिस ने 23 वर्षीय विक्की उर्फ महाकाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से 966 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी दोनों मामलों में कुल 1.265 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है, जिसका उद्देश्य नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाना है। मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *