शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच जहां लोग सुकून की तलाश में पार्कों का रुख करते हैं वहीं चंडीगढ़ के एक पार्क में शनिवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां सैर करने आए लोगों का दिल उस समय खुश हो गया जब एक शख्स माइक लेकर पुराना मशहूर गाना “पल-पल दिल के पास तुम रहते हो” गाने लगा। यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि चंडीगढ़ पुलिस के रिटायर्ड एसपी रोशन लाल निकले। सैर के बीच मिला संगीत का सुकून सेक्टर-38 स्थित पार्क में रोजाना की तरह बड़ी संख्या में लोग सैर करने पहुंचे थे। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और कई रिटायर्ड अधिकारी भी शामिल होते हैं, जो यहां बैठकर बातचीत करते हैं और अपना समय बिताते हैं। इसी माहौल को और खुशनुमा बनाने के लिए रोशन लाल ने एक अनोखी पहल की। गाने का शौक पहले से था
उन्होंने बताया कि जब वे रोज लोगों को पार्क में बैठकर बातचीत करते देखते थे, तो उनके मन में विचार आया कि क्यों न कुछ ऐसा किया जाए जिससे लोगों को और खुशी मिले। उन्हें गाने का शौक पहले से था, लेकिन अब उन्होंने इसे लोगों के बीच निभाने का फैसला किया। माइक और स्पीकर के साथ शुरू किया गाना शनिवार को रोशन लाल एक माइक और छोटा स्पीकर लेकर पार्क पहुंचे और गाना गाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास सैर कर रहे लोग रुक गए। कुछ लोग चलते-चलते गाना सुनते रहे, जबकि कई लोग सामने बैठकर पूरे ध्यान से इस सुरीले पल का आनंद लेते नजर आए। पहली बार मिला इस तरह का अनुभव
पार्क में मौजूद राकेश शर्मा ने बताया कि वे रोज यहां सैर करने आते हैं, लेकिन इस तरह का अनुभव पहली बार मिला। उन्होंने कहा कि “घर में तो कोई भी गा सकता है, लेकिन सबके सामने गाना गाने के लिए हिम्मत चाहिए। रोशन लाल की इस पहल की तारीफ करनी चाहिए। उनका गाना सुनकर हमें बहुत अच्छा लगा।” मनोरंजन के साथ बढ़ रहा आपसी जुड़ाव पार्क में मौजूद लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ मनोरंजन देती हैं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने का काम भी करती हैं। इससे लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं, बातचीत करते हैं और अपने सुख-दुख साझा कर मन हल्का करते हैं। लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं
रोशन लाल का कहना है कि वे अपने शौक को पूरा करने के साथ-साथ लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं। उनका यह छोटा सा प्रयास अब लोगों के लिए सुकून और खुशी का कारण बन रहा है।