हरियाणा के सिरसा जिले में खेड़ी और कुम्हारिया गांव के बीच एक हुए एक एक्सीडेंट में बुआ और भतीजे की मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतक फतेहाबाद जिले के भोडिया खेड़ा गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के भोडिया खेड़ा निवासी इसराइल पुत्र हाकिम और महबूब रिट्ज कार में सवार होकर अपनी बुआ धापा को राजस्थान के तेलियां वाली ढाणी गांव से लेने गए थे। शनिवार दोपहर बाद करीब 3 बजे, जब वे अपनी बुआ धापा को लेकर वापस लौट रहे थे, तो उनकी गाड़ी कुम्हारिया और खेड़ी गांव के बीच टायर फटने के चलते अनियंत्रित होकर एक कीकर के पेड़ से टकरा गई। घायल को अस्पताल में कराया भर्ती इस हादसे में करीब 29 वर्षीय इसराइल, 26 वर्षीय गाड़ी चालक महबूब और 50 वर्षीय धापा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों घायलों को नाथूसरी चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने इसराइल को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि इसराइल की बुआ धापा को गंभीर हालत में सिरसा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। गाड़ी चालक महबूब का नाथूसरी चौपटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस को दे दी गई है। इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।