बेगूसराय में पुलिस ने बदमाश को दौड़ाकर मारी गोली:नाश्ते की दुकान में हुआ आमना-सामना, दरभंगा में ज्वेलरी लूटकांड में STF पीछा कर रही थी

बेगूसराय में शनिवार को STF और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें एक बदमाश को गोली लगी है। बताया जा रहा है कि तेघड़ा डीएसपी को सूचना मिली कि दरभंगा में 2 करोड़ के जेवरात लूटकांड के बदमाश होटल में है। इस सूचना के आधार पर पुलिस की टीम होटल पहुंची तो बदमाश नाश्ता कर रहे थे। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली गली है। घटना बेगूसराय और समस्तीपुर जिला के सीमावर्ती मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौक के पास की है। पुलिस ने घायल समेत 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पातल में करवाया जा रहा है। घायल बदमाश बलिया थाना क्षेत्र के गोखले नगर विष्णुपुर के रहने वाले अखिलेश कुमार का बेटा मंगल कुमार (20) है। प्रत्यक्षदर्शी चंद्रदेव पासवान ने बताया कि 2 लोगों ने खाने का ऑर्डर दिया। जिसने पहले ऑर्डर दिया था, उसे कुछ शक हुआ। फिर वो भागने लगा। इसके बाद तीसरा शख्त भी भागने वाले का पीछा करने लगा। वो सादे कपड़े में था। अचानक से दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। ज्वेलरी शॉप में लूटकांड में शामिल था अपराधी शुक्रवार को दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स में दिनदहाड़े 2 करोड़ के जेवरात की लूट हुई। साथ ही बदमाश 25 लाख कैश लेकर भागे थे। इस लूटकांड के बाद पुलिस बदमाशों का पीछा कर रही थी। इसके बाद सादी वर्दी में एसटीएफ की टीम नारायणपुर चौक पर पहुंची और एक दुकान पर नाश्ता करने लगी। उसी दुकान में पहले से सात अपराधी बैठकर नाश्ता कर रहे थे। नाश्ता खत्म होने से पहले ही अपराधियों को शक हो गया। शंका होते ही अपराधी भागे तो एसटीएफ ने पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों ने गोली चला दी, एसटीएफ को की आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। जिसमें एक बदमाश को गोली लगी है। हथियार और बाइक बरामद इस दौरान 5 बदमाशों को पकड़ा गया है। मौके से हथियार और एक बाइक भी बरामद किए गए‌। लेकिन 3-4 बदमाश भागकर कहीं छिप गए। इसके बाद बैकअप के लिए 10 से अधिक बाइक से एसटीएफ की टीम स्थानीय थाना मौके पर पहुंची। 5-6 राउंड फायरिंग हुई लोगों के अनुसार 5-6 राउंड गोली चली है। सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी मौके पर पहुंचे हैं। नारायणपुर चौक इलाके पर 1 किलोमीटर में घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चली है। इस एक किलोमीटर के इलाके में किसी के भी जाने पर रोक लगा दी गई है। इस पूरे मामले पर मुखिया प्रतिनिधी ने कहा है कि लोकल लोगों ने मुझे फायरिंग की जानकारी दी। तो मैं यहां पर पहुंच गया। प्रशासन ने मुझे बताया है कि अपराधी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। एसटीएफ के जवान ने मुझे कहा है कि आप अभी साइड हो जाइए। हमें अभी जांच करने दीजिए। नाश्ते का दुकान चलाने वाले विक्की पासवान की मां सुनैना देवी ने कहा है कि मेरे बेटे का होटल है। पुलिस उसे भी पकड़ कर ले गई है। अब कोई भी आएगा, तो वो चाय और पानी देगा ही नहीं। यहां पर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। दरभंगा में मिली 2 संदिग्ध बाइक इधर, बता दें कि दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर मनीहास गांव के पास से दो संदिग्ध बाइक बरामद की गई है। जिसका इस्तेमाल लूट के बाद अपराधियों ने भागने में किया था। एक बाइक पर उत्तर प्रदेश(UP 40 BN 9459), जबकि दूसरी पर(MP 69 JD 7655) मध्य प्रदेश का नंबर है। दोनों गाड़ी पर हेलमेट रखकर अपराधी मौके से फरार हो गए। फिलहाल, इस मामले में गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है, जिसके आधार पर मामले में कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम अब लूटे गए कैश और जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बदमाशों ने दरभंगा लूट कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की बेगूसराय एसपी मनीष ने बताया कि दरभंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि ज्वेलरी लूट कांड के बदमाश बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के दशरथपुर में जमा होकर लूटे गए माल को ठिकाने लगाने वाले हैं। सूचना मिलते ही बेगूसराय पुलिस, दरभंगा पुलिस और एसटीएफ की एक टीम गठित की गई। टीम ने अपराधियों के संभावित ठिकाने की घेराबंदी की। पुलिस टीम से घिरता देखकर सभी अपराधी मकई के खेत में घुस कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस टीम की ओर से फायरिंग की गई। जिसमें एक घायल सहित 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 9 गोली, 3 बाइक, 4 मोबाइल और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। मौके से मंसूरचक थाना के किसान टोला के रहने संजय सहनी के बेटे अविनाश कुमार, मंसूरचक के रहने वाले बिजली सहनी के बेटे गौतम कुमार, मंसूरचक भवानीपुर के रहने वाले उपेंद्र पासवान के बेटे विक्की कुमार, बछवाड़ा थाना क्षेत्र के मरांची गांव के रहने वाले विजय ईश्वर के बेटे आर्यन कुमार और मधुबनी जिला के भैरो स्थान थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के रहने वाले विश्वनाथ जा के बेटे पवन झा को भी गिरफ्तार किया गया है। FSL टीम ने घटनास्थल पर छानबीन की है। गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में दरभंगा में हुए लूट कांड में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। घायल मंगल कुमार उर्फ मंगल सिंह ने बताया है कि 24 मार्च को बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के हसनपुर में स्थित एक्सिस बैंक से उसने अपने इन्हीं साथियों के साथ 2 लाख की लूट की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *