रसोई गैस की किल्लत जारी है। इसी संकट के बीच 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होगा और 16 अप्रैल से शादियां होंगी। जिन परिवारों में शादियां हैं, उनकी चिंता बढ़ गई है। आखिर बारातियों की थाली कैसे सजेगी? कहीं गैस की किल्लत इज्जत न ले ले। शहर के मैरेज हॉल संचालकों और कैटरर्स के सामने भी संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि शादियों के लिए बुकिंग महीनों पहले हो चुकी है। बेली रोड के एक बड़े कैटरर ने बताया, हमें कॉमर्शियल सिलेंडर की जरूरत होती है, लेकिन अभी पहले की अपेक्षा आधा ही मिल रहा है। दीघा-आशियाना रोड के एक बैंक्वेट हॉल के मैनेजर श्रीराम जी ने कहा-यही हाल रहा तो हमें क्लाइंट्स के सामने हाथ जोड़ने पड़ेंगे या खाने का मेन्यू छोटा करना पड़ेगा। प्रशासन द्वारा अबतक शादी आैर अन्य समारोहों के लिए अतिरिक्त सिलेंडर की आपूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। गैस एजेंसियों को जिला प्रशासन द्वारा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। केवल अत्यावश्यक सेवाओं के लिए कंपनियों द्वारा संस्थानों को 20-20 प्रतिशत सिलेंडर दिए जा रहे हैं। जमाखोरी रोकने के लिए पेट्रोल पंपों पर बोतल या गैलन में नहीं दे रहे डीजल, अपार्टमेंटों में ब्लैकआउट का डर जमाखोरी रोकने के लिए पेट्रोल पंपों पर बोतल या गैलन में डीजल-पेट्रोल देने पर पाबंदी है। इससे हाउसिंग सोसाइटियों की मुसीबत बढ़ गई है। अपार्टमेंट में लिफ्ट और कॉमन एरिया की बिजली के लिए जेनरेटर होते हैं। इनके लिए डीजल हमेशा गैलन में ही लाया जाता है। आशियाना नगर के रामनगरी स्थित आरकेएम रिजेंसी की सेक्रेटरी ने बताया कि गोला रोड स्थित पेट्रोल पंप ने काफी मिन्नत के बावजूद गैलन में डीजल देने से मना कर दिया। वहीं बोरिंग रोड समेत शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भी गैलन आैर बोतल में डीजल-पेट्रोल नहीं मिलेगा, इस आशय का बाकायदा नोटिस भी लगाया गया है। प्रशासन की पहल पर कंपनियां अत्यावश्यक सेवाओं को उनकी जरूरत के 70 प्रतिशत तक सिलेंडर मुहैया करा रही हैं। समस्या को लेकर रोज कंपनियों के साथ बैठक हो रही है। फिलहाल शादी-विवाह या श्राद्ध के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं बनी है।-रवींद्र कुमार दिवाकर, एडीएम सप्लाई सिलेंडर का बैकलॉग अब 1.71 लाख पहुंचा रसोई गैस सिलेंडर का बैकलॉग 1.71 लाख पर पहुंच गया है। बुकिंग के बावजूद डीएससी नहीं आने पर सिलेंडर लेना मुश्किल हो रहा है। इधर, इस संकट को लेकर डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान गैस एजेंसियों को रिस्पांसिव तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं सभी एसडीओ को कालाबाजारी, ओवर प्राइसिंग और अवैध उपयोग में लिप्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। किसी को परेशानी होने पर जिला कंट्रोल रूम के नंबर 0612-2219810 पर 24 घंटे शिकायत कर सकते हैं। गैस की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता होने पर एस्मा के तहत कार्रवाई होगी। अन्य आयोजन वाले भी परेशान श्राद्धकर्म और अन्य आकस्मिक आयोजनों वाले परिवार भी परेशान हैं। नेपाली नगर के विवेक विकास के पिता जी का निधन हो गया है। 10 अप्रैल को श्राद्ध है। हलवाई ने 5 सिलेंडर की व्यवस्था करने को कहा है। लेकिन, जुगाड़ नहीं हो पा रहा है।