रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने दिल्ली के पूर्व सीएम व आप नेता अरविंद केजरीवाल पर प्राइवेट नंबरों से धमकी दिलवाने के आरोप लगाए। नवीन जयहिंद ने कहा कि राज्यसभा सांसद राघव चड्डा का खुलासा करने के बाद से उन्हें लगातार प्राइवेट नंबरों से धमकी मिल रही है। नवीन जयहिंद ने कल प्रेसकांफ्रेंस करके राघव चड्डा व अरविंद केजरीवाल के बीच चल रहे झगड़े के बारे में बताया था। नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया था कि राघव चड्डा ने पंजाब से उगाही का पैसा सिंगापुर की बजाय इंग्लैंड भेज दिया था, जिसको लेकर पिछले दो साल से केजरीवाल व राघव चड्डा के बीच विवाद चल रहा है। नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल ने एक बार अपने शीशमहल में राघव चड्डा को मुर्गा बनाकर 4 लोगों के सामने पीटा था। दूसरी बार चंडीगढ़ की गुप्त कोठी में राघव चड्डा के साथ मारपीट की गई। राघव चड्डा के पास केजरीवाल के राज और माल दोनों है। नवीन जयहिंद ने कहा कि प्रेसकांफ्रेंस करने के बाद से ही उन्हें फोन पर धमकी मिल रही है। केजरीवाल से डरने वाले नहीं
नवीन जयहिंद ने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल से डरने वाले नहीं है। 2007 से 2020 तक आम आदमी पार्टी में केजरीवाल के साथ काम कर चुके हैं और उन्हें केजरीवाल के बारे में सारी जानकारी है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। वह राघव चड्डा नहीं, बल्कि नवीन जयहिंद है, जो ऐसी धमकियों से नहीं डरता। राघव चड्डा को खुलकर बोलना चाहिए
नवीन जयहिंद ने कहा कि राघव चड्डा को केजरीवाल के बारे में खुलकर बोलना चाहिए। दो दिन से केवल शायरी में ही तंज कस रहे हैं, जबकि हकीकत क्या है, उसके बारे में जनता को पता होना चाहिए। वह सच्चाई जानते हैं, इसलिए उन्हें प्राइवेट नंबरों से धमकी दिलवाई जा रही है कि वह इस मामले से दूर रहें।