हरियाणा में बोर्ड परीक्षार्थियों को एक और मौका:3 विषयों के पेपर दुबारा दे सकते हैं, कराना होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, जल्द घोषित होगी तारीख

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा ऐसे विद्यार्थियों को मौका दिया गया है, जिनके 10वीं-12वीं के पेपर अच्छे नहीं हो पाए। जिसके तहत विद्यार्थी 3 विषय के पेपर दोबारा दे पाएंगे। इसके लिए 4 से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है। 20 अप्रैल के आसपास दोबारा से पेपर लिए जाएंगे। इसके लिए विद्यार्थी अपनी तैयारी रखें। ताकि दोबारा पेपर हो तो वे अच्छे से दे पाएं और जो कमी पहले रह गई थी, उसको भी सुधार पाएं। इसी लिए दोबारा पेपर लिए जा रहे हैं। शिक्षा बोर्ड द्वारा पेपरों की तैयारी भी की जा रही है। किसी भी विद्यार्थी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अंक सुधार का मौका, 3 विषय के दे पाएंगे एग्जाम शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया था कि सेकेंडरी (10वीं) एवं सीनियर सेकेंडरी (12वीं) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 से जो परीक्षार्थी अपने पेपर से संतुष्ट नहीं हैं, ऐसे परीक्षार्थियों को अंक सुधार का मौका दिया है। इच्छुक परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर कोई भी 3 विषयों की पुन: परीक्षा देने के लिए स्वयंपाठी तौर पर 1000 रुपए शुल्क सहित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पेपर नहीं देने वालों को भी मौका बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी अपरिहार्य कारणों जैसे गंभीर बीमारी/चोट/खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिता इत्यादि परिस्थितियों के कारण वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। ऐसे सभी परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में निर्धारित तिथियों में संपर्क करते हुए निर्धारित शुल्क ऑफलाइन व पात्रता संबंधित दस्तावेज जमा करवाकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। यदि कोई परीक्षार्थी प्रथम वार्षिक परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षा में अनुपस्थित रहा है और पुन: परीक्षा के लिए आवेदन करता है तो ऐसे परीक्षार्थी का आवेदन पत्र अयोग्य मानते हुए रद्द किया जाएगा। जल्दी ही परीक्षा की तिथि घोषित की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *