करनाल में बोलेरो पिकअप की टक्कर से युवक की मौत:बाइक पर सब्जी लेकर घर लौट रहा, पीछे-पीछे चल रहा था भाई, ड्राइवर फरार

करनाल में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपने भाई के साथ सब्जी लेकर गांव लौट रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव जबाला निवासी विकास कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कल देर शाम वह अपने भाई धर्मबीर पुत्र महेंद्र के साथ सब्जी लेकर मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। धर्मबीर उससे कुछ दूरी आगे चल रहा था और वह पीछे-पीछे आ रहा था। जब वे असंध हवेली से करीब 200 मीटर आगे पहुंचे, तभी सामने से आ रही पीले रंग की बोलेरो पिकअप ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में चलते हुए धर्मबीर की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही धर्मबीर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद विकास कुमार और आसपास के लोगों ने घायल धर्मबीर को तुरंत उठाकर सिविल अस्पताल असंध पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डायल 112 से मिली पुलिस को सूचना
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को मोर्चरी में रखवाया। विकास कुमार ने अस्पताल में पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसमें उसने बताया कि हादसा बोलेरो चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मुकदमा दर्ज, जांच जारी इस मामले में थाना असंध में रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई महेंद्र सिंह को सौंपी गई है। जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *