चंडीगढ़ नगर निगम लोगों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। 8 अप्रैल को होने वाली जनरल हाउस की बैठक में पार्किंग रेट को लेकर एजेंडा लाया जाएगा। इसमें एनुअल पार्किंग पास बनाने वाले लोगों को 10 फीसदी छूट देने का प्रस्ताव रखा जाना है। मौजूदा समय में चार पहिया वाहन के लिए सालाना 6 हजार रुपए और दो पहिया वाहन के लिए सालाना तीन हजार रुपए का पास बनता है। हाउस में प्रस्ताव पारित होने के बाद डिस्काउंट होने से कार के 5400 रुपए और टू व्हीलर के 2700 रुपए पास हो जाएगा। यह है वन पास स्कीम चंडीगढ़ में नगर निगम की वन पास पार्किंग स्कीम चलती है। 27 जनवरी 2026 से शुरू की गई यह स्कीम एक डिजिटल मासिक पास सुविधा है, जो शहर भर में नगर निगम की ओर से प्रबंधित सभी 73 पार्किंग स्थलों में एक समान दर पर असीमित पार्किंग की अनुमति देती है। यह योजना पूरी तरह से कैशलेस है, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपए और चार पहिया वाहनों के लिए 500 रुपए प्रति माह (प्लस GST) का शुल्क है। यह एक ही पास शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों (सेक्टर 17, 22, 35, सुखना लेक, एलांते मॉल, आदि) में मान्य है। इसे चंडीगढ़ नगर निगम की वेबसाइट, बैंक ऑफ बड़ौदा के पोर्टल या पार्किंग स्थलों पर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधे फोन से घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। 3 हजार से अधिक लोगों ने यह पास बनाया है। स्टिल्ट पार्किंग में प्रॉपर्टी टैक्स बेसमेंट की दरों पर शहर के हजारों घर मालिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्तमान में स्टिल्ट पार्किंग (पिलर्स पर बनी पार्किंग) पर ग्राउंड फ्लोर के बराबर भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जिसका लंबे समय से विरोध हो रहा था। हाउस टैक्स असेसमेंट कमेटी ने सिफारिश की है कि स्टिल्ट एरिया के उस हिस्से पर, जो केवल वाहन खड़े करने के लिए है, बेसमेंट की सस्ती दरें लागू हों। इसके लिए 2003 के प्रॉपर्टी टैक्स बायलॉज में बदलाव की तैयारी है। यदि हाउस इसे पास करता है, तो इसे अंतिम मंजूरी के लिए यूटी प्रशासन को भेजा जाएगा। 500 मीटर के दायरे में होगी टॉयलेट सुविधा स्वच्छ भारत मिशन के तहत निगम अब शहर के 1,800 पार्कों और 100 से अधिक ग्रीन बेल्ट्स में शौचालय की कमी को दूर करेगा। यदि किसी पार्क के 500 मीटर के दायरे में पब्लिक टॉयलेट नहीं है, तो वहां तत्काल निर्माण कराया जाएगा। ताकि स्वच्छता रैंकिंग (स्वच्छ सर्वेक्षण-2026) में सुधार हो सके।