नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सीएम योगी के भारतेंदु नाट्य अकादमी में गाजी मियां को लेकर बयान से जुड़ी है। सीएम ने कहा- गाजी मियां माफिया था, महाराज सुहेलदेव ने जहन्नुम भेजा। वहीं, दूसरी खबर नोएडा में मंत्री संजय निषाद की रैली को लेकर है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- योगी बोले- गाजी मियां को महाराज सुहेलदेव ने जहन्नुम भेजा, गर्म तवे पर बांधकर जलाया योगी बोले- गाजी मियां माफिया था, महाराज सुहेलदेव ने जहन्नुम भेजा। उसे इस्लाम की सबसे बुरी मौत दी। गर्म तवे पर बांधकर जलाया। सोमनाथ मंदिर को तोड़ने वाले विदेशी आक्रांता को ऐसी निर्मम मौत दी जो इस्लाम में सबसे खराब मानी जाती। वह मिट्टी में मिलाए गए माफियाओं का रूप था। सीएम, भारतेंदु नाट्य अकादमी स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह के शुभांरभ में बोल रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 2- मंत्री निषाद बोले- राम की तरह मोदी- योगी ने मुझे गले लगाया; लोकतंत्र में जनता राजा बनाती नोएडा में मंत्री संजय निषाद बोले- पहले राजा तय करता था। कौन बेटा मेरा राजा बनेगा। लेकिन लोकतंत्र में रणनीति से राजा कौन बनेगा ये तय होता है। जनता तय करती है कि राजा कौन होगा। जैसे राम ने निषादराज को गले लगाया, वैसे मोदी -योगी ने मुझे। सपा और बसपा ने रोजी-रोटी छीनने का काम किया है। गुर्जर,कश्यप निषाद को पौवा पिलाकर इनके वोट लिए जाते थे। पूरी खबर पढ़ें 3- मथुरा-जालौन समेत 3 जिलों में ओले गिरे- 10 में बारिश, बर्बाद फसल देख किसान ने सिर पकड़ा यूपी में बेमौसम बारिश जारी है। काशी, गोंडा, सल्तानपुर, जालौन समेत 5 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। मथुरा, संभल और हाथरस में ओले भी गिरे। जालौन में बर्बाद फसल को देख किसान सिर पकड़कर खेत में बैठ गया। उसने कहा- पूरी फसल बर्बाद हो गई। कुछ नहीं बचा। अब क्या खाएंगे। उधर, आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 72 घंटे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 4- शंकराचार्य बोले- भागवत शादी कर बच्चे क्यों नहीं पैदा करते, संघ प्रमुख ने 3 बच्चों की वकालत की थी संघ प्रमुख के 3 बच्चे पैदा करने वाले बयान पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- भागवत शादी कर बच्चे क्यों नहीं पैदा करते। एक तरफ सरकार कह रही है कि जनसंख्या विस्फोट हो रहा। दूसरी तरफ, ये लोग जनसंख्या बढ़ाने की बात करते हैं। अगर संख्या बढ़ानी जरूरी है तो आप शादी करके ऐसा क्यों नहीं करते। पहले खुद करो, फिर दूसरों से ऐसा करने के लिए कहो। पूरी खबर पढ़ें 5- मैनपुरी में मेले का उद्घाटन करने पर दलित की मंच पर पिटाई, दबंग बोले- ये काटेगा फीता मैनपुरी में एक मेले का उद्घाटन करने पर दबंगों ने दलित को पीटकर अधमरा कर दिया। नाराज महिला प्रधान के बेटे ने असलहा तानते हुए कहा- ये फीता काटेगा। फिर अपने 6-7 समर्थकों के साथ मिलकर मंच पर ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए बुजुर्ग पिता और भाई को भी लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- गाजियाबाद में सिंगर को छूने दौड़े युवक ने माफी मांगी; सिंगर सुनंदा ने कहा- माफ किया गाजियाबाद के एक कॉलेज में 3 अप्रैल को पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को छूने के लिए दौड़े स्टूडेंट ने रविवार को कान पकड़कर माफी मांगी है। उसने कहा- मैं सुनंदा का फैन हूं। गाना गाते वक्त पैर छूने चाहे। मेरा इंटेंशन गलत नहीं था। इस बीच सिंगर ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया। कहा- मैं माफ करती हूं। कॉलेज भी कार्रवाई रोक दे। तब मैं डर गई थी। प्यार ढंग से जताएं। पूरी खबर पढ़ें 7- लखनऊ में लिवइन में रह रही युवती की मौत, भाई बोला- पार्टनर बेल्ट और चाकू से मारता था लखनऊ में लिवइन में रह रही युवती की मौत हो गई। युवती के भाई ने उसके लिवइन पार्टनर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा- वह बेल्ट और चाकू से उसको मारता था। आरोप लगाया कि अयान की मां ने पहले की कहा था कि 2 महीने में उसे मार डालेंगे। आज वही हुआ। दरअसल, 20 वर्षीय अलिशा और उसका पार्टनर अयान 5 महीने से किराए के कमरे में रह रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 8- केशव बोले- सपा सरकार में दलितों-पिछड़ों का उत्पीड़न; पीओके में भारत का तिरंगा फहरेगा गाजियाबाद में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- सपा सरकार में सबसे अधिक पिछड़ों और दलितों का उत्पीड़न हुआ। 2027 के चुनाव में सपा को सैफई पहुंचाना है। कहा- पिछली सरकार में पश्चिमी यूपी में दंगे होते थे। अभी दादरी में अखिलेश कार्यक्रम किए थे लेकिन आज के कार्यक्रम की आधी भीड़ उनकी रैली में नहीं थी। दावा किया कि PoK में भारत का तिरंगा फहरेगा। पूरी खबर पढ़ें 9- अयोध्या में बुर्के वाली लुटेरी महिला के ससुर बोले- सिर झुका दिया-रिश्ते खत्म; पंजाब में परिवार रहता अयोध्या में बुर्के वाली लुटेरी महिला के ससुर बोले- बहू से रिश्ता खत्म। सिर झुका दिया, कभी घर नहीं लाएंगे। बेटे के काम पर जाने के बाद बहू बिना बताए घर से बाहर निकल जाती थी। घंटों गायब रहती थी। पूछने पर बहस करने लगती थी। दरअसल, पायल ने बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में लूट की थी। पुलिस ने बॉयफ्रेंड के साथ उसे अरेस्ट कर लिया था। ससुराली पंजाब में रहते। पूरी खबर पढ़ें 10- कानपुर किडनी कांड का मास्टरमाइंड बोला- करोड़ों फेंक देते हैं; ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली कानपुर किडनी कांड के मास्टरमाइंड शिवम अग्रवाल के मोबाइल से पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग मिली है। ऑडियो में नवीन, उससे कहता है कि साहिल ने तुम्हारा नाम लेकर 22 लाख रुपए लिए हैं। इस पर वह कहता- उसे नहीं पता कि हम क्या चीज हैं, हम लोग करोड़ों रुपए ऐसे ही फेंक देते हैं। बातचीत में किसी महिला को एंबुलेंस की बजाय सामान्य गाड़ी में ले जाने की बात कर रहे। पूरी खबर पढ़ें 11- मुरादाबाद में युवक बना लोको पायलट तो पूर्व प्रधान के बेटे ने गोली मारी, 20 अप्रैल से थी ट्रेनिंग मुरादाबाद में लोको पायलट पर युवक का सेलेक्शन होने पर चिढ़े पूर्व प्रधान के बेटे ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक को 20 अप्रैल को ट्रेनिंग पर जाना था। आरोपी पूर्व प्रधान और उसके बेटे को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पिता ने बताया कि शनिवार रात में बेटा गांव के एक व्यक्ति के मकान के पास खड़ा था। पूर्व प्रधान कर्मवीर का बेटा रोहित आया और तमंचे से सिर में गोली मार दी। 12- फर्रुखाबाद शहर कोतवाल को 7 दिन की जेल की सजा, CJM ने 24 घंटे में पेश करने का आदेश दिया फर्रुखाबाद शहर कोतवाल दर्शन सिंह सोलंकी को सीजेएम कोर्ट ने 7 दिन की जेल की सजा सुनाई है। शनिवार को अवमानना की कार्रवाई करते हुए कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी करते हुए पुलिस कप्तान को अगले 24 घंटे में कोतवाल को पेश करने का आदेश दिया। दरअसल, कोतवाल को सात अलग मामलों में वारंट तामील कराने के आदेश मिले थे, लेकिन कार्रवाई नहीं की। पूरी खबर पढ़ें 13- मुरादाबाद में दूल्हे के बड़े भाई को सलामी नहीं करने पर बवाल, दुल्हन ने जाने से किया इनकार मुरादाबाद के एक गांव में निकाह के बाद दुल्हन ने बारात लौटा दी। दरअसल, निकाह के बाद विदाई की रस्में चल रही थीं। तभी सलामी की रस्म के दौरान दूल्हा अपने बड़े भाई की सलामी की रस्म न होने से नाराज हो गया। देखते ही देखते इसको लेकर दूल्हा पक्ष बवाल करने लगा। इसके बाद दुल्हन ने ससुरालियों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए साथ जाने से इनकार करते हुए बारात लौटा दी। खबर जो हटकर है… 14- बेटे के लिए मगरमच्छ से लड़ गया पिता, मौत के जबड़े से छुड़ा लाया पीलीभीत में एक पिता अपने 14 साल के बेटे को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गया। दरअसल, नदी किनारे गेहूं कटाई के दौरान एक किशोर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। किशोर को जबड़े में दबोचकर वह नदी में खींचने लगा। बेटे की चीख सुनकर पिता दौड़े पहुंचे और मगरमच्छ से भिड़ गए। काफी मशक्कत के बाद बेटे को उसके जबड़े से मुक्त कराया। घायल किशोर का इलाज चल रहा। कल क्या रहेगा खास… 15- भाजपा का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को यूपी में भाजपा अपना 47वां स्थापना दिवस मनाएगी। एक हफ्ते तक स्थापना दिवस के जरिए भाजपा अलग-अलग जिलों में गोष्ठियां और सम्पर्क अभियान चलाएगी। वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…