फतेहाबाद शहर के शिव चौक स्थित रघुनाथ मंदिर धर्मशाला में रविवार देर शाम इलेक्ट्रिशियन मृत हालत मिला। मृतक की पहचान हरीश कुमार उर्फ काला सिंह (58) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 25 सालों से मंदिर व धर्मशाला में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार, रविवार को धर्मशाला के अंदर और बाहर ताला लगा हुआ था। हरीश कुमार उर्फ काला ही धर्मशाला की देखरेख करता था। प्रधान और कई लोगों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके अलावा, परिजनों ने भी कॉल की तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद किसी दूसरे कर्मचारी ने अंदर आकर देखा तो हरीश तख्त पर मृत हालत में मिला। हरीश कुमार के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह अविवाहित थे। प्रधान बोले- 8-10 बार कॉल की, रिसीव नहीं की रघुनाथ मंदिर सभा के प्रधान टेकचंद मिड्ढा ने बताया कि धर्मशाला के अंदर और बाहर से ताला लगा हुआ था। हरीश कुमार को रानियां जाना था इसलिए उन्हें लगा कि वो वहीं गया होगा। इसके बाद 8-10 बार कॉल की, लेकिन रिस्पांस नहीं किया। शाम को किसी अन्य कर्मचारी को देखने के लिए भेजा। उसने अंदर आकर देखा तो हरीश उर्फ काला मृत पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। SHO बोले- पोस्टमॉर्टम के बाद कारण स्पष्ट होगा सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।