धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में 10 हुड़दंगियों का तांडव:चाय के पैसे मांगने पर महिला स्टाफ से बदसलूकी, जमकर की तोड़फोड़

धर्मशाला के पॉश इलाके में स्थित मैक्सिमस मॉल में बीती रात ‘चाय सुट्टा बार’ आउटलेट में तोड़फोड़ और स्टाफ से बदसलूकी का मामला सामने आया है। चाय के पैसे एडवांस मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 10 युवकों ने रेस्टोरेंट में जमकर उत्पात मचाया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। हमलावरों ने रेस्टोरेंट के काउंटर पर रखे कंप्यूटर, कीमती बिलिंग मशीनें और फर्नीचर तोड़ दिए। इस घटना में रेस्टोरेंट को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सदर पुलिस थाना घटनास्थल से मात्र एक किलोमीटर दूर है, लेकिन सूचना देने के बावजूद पुलिस देरी से पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए थे। महिला कर्मचारी से बदसलूकी, पर्यटकों में दहशत हुड़दंगियों ने वहां तैनात महिला कर्मचारी कोमल और अन्य स्टाफ के साथ बदसलूकी की। उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। रेस्टोरेंट में मौजूद पर्यटक इस घटना से सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गए। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि शहर के व्यस्त मॉल में इतनी देर तक उत्पात मचाने के बाद भी अपराधी आसानी से भाग निकले। रेस्टोरेंट प्रबंधन के अनुसार, इस हमले में उन्हें लाखों रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है और उनके कर्मचारी मानसिक रूप से सदमे में हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज किया पुलिस थाना धर्मशाला ने मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन लोगों ने मारपीट और तोड़फोड़ की है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *